युवती को रास्ते में घेरा, हाथ पकड़ा:मंगेतर को फोन कर गालियां दीं, परिवार को जान से मारने की धमकी
बरेली में जिम में हुई पुरानी पहचान के बाद बातचीत बंद करने पर एक युवक पर युवती का पीछा करने और उसे धमकाने का आरोप लगा है। युवती का आरोप है कि युवक ने रास्ते में उसे रोककर हाथ पकड़ा और जबरन अपने साथ चलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गाली-गलौज की और मंगेतर व परिवार को जान से मारने की धमकी दी। युवती की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के 100 फुटा निवासी युवती के मुताबिक, करीब चार-पांच साल पहले उसकी मुलाकात पुराने शहर के रोहिली टोला निवासी इमरान खान से जिम में हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच जिम को लेकर बातचीत होती थी। बाद में इमरान बार-बार फोन करने लगा। युवती ने उससे दूरी बनानी शुरू की तो आरोप है कि वह पीछा करने लगा और रास्ते में रोककर बात करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप युवती का आरोप है कि बातचीत से इनकार करने पर इमरान गाली-गलौज करता था और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करता था। उसने युवती के मंगेतर और परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। डेलापीर चौराहे पर हाथ पकड़कर रोका युवती के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले वह काम से लौटते समय डेलापीर चौराहे पर सब्जी खरीदने रुकी थी। इसी दौरान इमरान वहां पहुंच गया और बातचीत बंद करने की वजह पूछने लगा। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और अपने साथ चलने को कहा। युवती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटने लगे। भीड़ को देखकर आरोपी वहां से भाग गया। दूसरे नंबर से भी फोन कर किया परेशान युवती का आरोप है कि 8 नवंबर को आरोपी ने अपने और एक अन्य मोबाइल नंबर से फोन किया। इस दौरान उसने युवती के मंगेतर को गालियां दीं और उसे भी अपमानित किया। युवती ने पुलिस को बताया कि लगातार पीछा करने और धमकियों के कारण उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शिकायत के आधार पर इज्जतनगर पुलिस ने इमरान खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)