100 सफाईकर्मी और जेसीबी से शुरू नालों की सफाई:बारिश के बाद जलभराव, पंपिंग सेट से भी पानी निकाला गया
देवरिया में शनिवार रात तेज बारिश और हवा के बाद शहर के कई मोहल्लों और प्रमुख रास्तों पर जलभराव हो गया। रविवार सुबह 8 बजे नगर पालिका की टीमें जलभराव वाले इलाकों में पहुंचीं। रविवार दोपहर 3 बजे तक नालों की सफाई और पानी निकालने का अभियान चलाया। करीब 100 सफाईकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया। जरूरत वाले स्थानों पर पंपिंग सेट और मोटर पंप से पानी निकाला गया। नालियों से कचरा और सिल्ट हटाया नगर पालिका कर्मचारियों ने नालियों में जमा कचरा और सिल्ट हटाकर पानी की निकासी का रास्ता साफ किया। जहां अधिक पानी जमा था, वहां पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला गया। लगातार बारिश के कारण कई जगह नालियां पूरी क्षमता से पानी नहीं निकाल पा रही थीं। प्रशासन ने तत्काल जल निकासी के निर्देश दिए जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नगर पालिका को तत्काल पानी निकालने के निर्देश दिए। जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां पंपिंग सेट और मोटर पंप लगाने को कहा गया। अधिकारियों को सफाई और जल निकासी की लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए गए। स्टेडियम जाने वाली सड़क पर भी पानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जज कॉलोनी होते हुए रविंद्र किशोर शाही स्टेडियम जाने वाली सड़क पर भी बारिश का पानी जमा रहा। इससे राहगीरों, इवनिंग वॉक करने वालों और खिलाड़ियों को परेशानी हुई। सिविल लाइंस रोड पर जेसीबी से नाले की सफाई नगर पालिका ने जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए करीब 100 सफाईकर्मियों की टीम लगाई। सिविल लाइंस रोड स्थित नाले की सफाई जेसीबी से शुरू कराई गई। कर्मचारी नालों से कचरा और अवरोध हटाकर पानी की निकासी का रास्ता साफ करने में जुटे रहे। कसया रेलवे क्रॉसिंग पर गड्ढों में भरा पानी कसया रेलवे क्रॉसिंग के पास बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर गया। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक क्रॉसिंग के पास माल गोदाम होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन रहता है। लगातार भारी वाहनों के चलने से सड़क टूटकर गड्ढों में बदल गई है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गायत्रीपुरम में कूड़े के ढेर से बिगड़ी स्थिति रामगुलाम टोला के वार्ड नंबर-20 स्थित गायत्रीपुरम में सुभाष विद्यालय से गोसाईं मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर कूड़े का ढेर लगा है। बारिश के दौरान यहां जलभराव होने से स्थिति और खराब हो गई। कूड़े और जमा पानी से दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों ने जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने, नालों की नियमित सफाई और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। नगर पालिका ने लोगों से नालियों में कूड़ा न डालने और जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)