हाथरस में छापेमारी के दौरान निजी अस्पताल में हंगामा:डीआई बोले- मोबाइल छीना, आधे घंटे तक बनाया बंधक, अस्पताल-संचालक ने कहा- 30 हजार रिश्वत मांगी
हाथरस में डाकखाने वाली गली स्थित सरिता प्रेम हॉस्पिटल में रविवार शाम करीब 6:30 बजे औषधि विभाग की छापेमारी के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने अस्पताल संचालक डॉ. भरत यादव और उनके स्टाफ पर अभद्रता करने, मोबाइल फोन छीनने और चैंबर में बंद करने का आरोप लगाया। वहीं, अस्पताल संचालक ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए ड्रग इंस्पेक्टर पर 30 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। मेडिकल स्टोर का लाइसेंस नहीं मिलने पर हुआ विवाद ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोरों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत वह सरिता प्रेम हॉस्पिटल पहुंचे थे। उनके मुताबिक, अस्पताल परिसर में संचालित मेडिकल स्टोर का वैध लाइसेंस नहीं मिला। अस्पताल संचालक ने दूसरी जगह का लाइसेंस होने और नए लाइसेंस के लिए आवेदन करने की बात कही। शर्मा ने कहा- दूसरे स्थान का लाइसेंस अस्पताल परिसर में मान्य नहीं है। उनका आरोप है कि लाइसेंस के बारे में पूछने पर अस्पताल संचालक ने बड़े-बड़े वीआईपी के यहां आने की बात कही और अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और चैंबर की कुंडी लगा दी गई। उन्होंने करीब आधे घंटे तक बंद रखने का भी आरोप लगाया। तहसीलदार और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति हंगामे की सूचना पर तहसीलदार विदित कुमार और पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्थिति संभाली। ड्रग इंस्पेक्टर ने कहा कि वह अभद्रता और बाकी घटनाओं को लेकर मुकदमा दर्ज कराएंगे। बिना वैध लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए कोतवाली सदर में तहरीर देने की बात भी कही। अस्पताल संचालक बोले- डीआई ने मांगी 30 हजार की रिश्वत अस्पताल संचालक और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की हाथरस इकाई के सचिव डॉ. भरत यादव ने ड्रग इंस्पेक्टर के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने दावा किया कि ड्रग इंस्पेक्टर ने उनसे 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत देने से मना करने पर उनके अस्पताल में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)