आगरा में छाता लेकर जनकपुरी की तैयारी देखने पहुंचे डीएम:बारिश में किया निरीक्षण, कहा-समय से पूरे हों रामबारात, जनकपुरी के काम
आगरा में श्रीरामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात और जनकपुरी को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। शनिवार को डीएम मनीष बंसल ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान और सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट में सजाई जा रही जनकपुरी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर सभी काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। वे अधिकारियों के साथ बारिश में छाता लेकर निरीक्षण करने निकले। बता दें कि तीन दिवसीय जनकपुरी महोत्सव 7, 8 और 9 अक्टूबर को होगा। पहले देखिये छाता लिए डीएम की 2 तस्वीरें… रामलीला मैदान में इन व्यवस्थाओं पर फोकस
डीएम ने रामलीला मैदान के निरीक्षण के दौरान चारदीवारी की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने, नाले की समुचित सफाई, रैंप तैयार कराने और दर्शक दीर्घा की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। पूरे मैदान में उच्च स्तरीय साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचेंगे। ऐसे में आयोजन स्थल पर किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी बुनियादी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और आयोजन तक लगातार निगरानी की जाए।
जनकपुरी में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण
इसके बाद डीएम भावना एस्टेट पहुंचे, जहां जनकपुरी सजाई जा रही है। उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे कामों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से श्रीरामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात और जनकपुरी के आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी मनोज कुमार, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र वर्मा सहित रामलीला कमेटी और जनकपुरी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)