आगरा में सुबह बाजार खुलने से पहले सड़कों की धुलाई:प्रदूषण और गंदगी से निपटने के लिए नगर निगम ने संभाली कमान
आगरा में दीपावली के मद्देनजर शहर में बढ़ते प्रदूषण और गंदगी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, वेस्ट टू वंडर पार्क, डिवाइडर, सेल्फी प्वाइंट, सड़कों और फुटपाथों की सफाई के साथ धुलाई कराई जा रही है। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान शहर को स्वच्छ रखने के साथ ही धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण करना है। सुबह से शुरू हुआ अभियान
नगर निगम की ओर से यह अभियान सुबह से लेकर बाजार खुलने से पहले तक चलाया जा रहा है, ताकि सफाई कार्य के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों और फुटपाथों पर जमी धूल को हटाने के साथ सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई जा रही है। डिवाइडर और सेल्फी प्वाइंट की धुलाई कर उन्हें साफ-सुथरा बनाया जा रहा है। नगर आयुक्त खुद संभाल रहे कमान
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं पूरे अभियान की कमान संभाले हुए हैं। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम के नोडल अधिकारी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। वे मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं, जिससे अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके। स्मार्ट सिटी के कैमरों से भी निगरानी
शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए स्मार्ट सिटी के कैमरों का भी सहारा लिया जा रहा है। कैमरों के माध्यम से प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सफाई कार्य में कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और कचरे को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनी रहे। इसके लिए सफाई कर्मियों को सुबह से ही मैदान में उतारा जा रहा है। सड़कों और फुटपाथों की धुलाई के साथ सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई कराई जा रही है, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। नगर आयुक्त ने ये कहा
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है, दीपावली के मद्देनजर शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि बाजार खुलने से पहले प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों की सफाई एवं धुलाई पूरी कर ली जाए।
अधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। स्मार्ट सिटी के कैमरों से भी सफाई व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। त्योहार के दौरान शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)