लखनऊ के शिया पीजी कॉलेज में छात्रों को टैबलेट बांटे:अपर मुख्य सचिव ने कहा- एआई से रोजगार के नए अवसर बन रहे
लखनऊ के शिया पीजी कॉलेज में बुधवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना (डिजिशक्ति) के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा अमित कुमार घोष ने छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) नई चुनौतियों के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है। युवाओं को इन बदलावों के लिए खुद को तैयार करना होगा। 'कॉलेज का गौरवशाली इतिहास रहा है' मुख्य अतिथि अमित कुमार घोष ने कहा कि शिया पीजी कॉलेज का गौरवशाली इतिहास रहा है। स्वामी विवेकानंद के नाम पर इस योजना का नाम रखा गया है, क्योंकि उन्होंने अपनी प्रतिभा से पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया। उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि हो रही है। वहीं, अमेरिका और चीन जैसे देशों ने एआई की पढ़ाई को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया है। भारत को भी इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि एआई के कारण रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव आ रहा है। ऐसे में युवाओं को नई तकनीक समझने और उसे अपनाने की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों को तीन सुझाव दिए। पहला, लगातार सीखने की आदत बनाए रखें। दूसरा, बदलती तकनीक को समझें और उसे अपनाएं। तीसरा, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम बनाए रखें। पढ़ाई में करें टैबलेट का इस्तेमाल कार्यक्रम में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने भी विचार रखे। उन्होंने सरकार की डिजिशक्ति योजना की सराहना की। साथ ही उम्मीद जताई कि विद्यार्थी टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई के महत्वपूर्ण साधन के रूप में करेंगे। इससे पहले विधि संकाय प्रभारी प्रो. सादिक हुसैन आबिदी, विज्ञान संकाय प्रभारी प्रो. टीएस नकवी, कला संकाय प्रभारी प्रो. मेहदी अब्बास जैदी और फुपुक्टा के संयुक्त सचिव डॉ. अमित कुमार राय ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। वहीं, सेल्फ फाइनेंस के निदेशक प्रो. एमएम अबु तैय्यब और वित्त अधिकारी डॉ. एमएम एजाज अब्बास ने उन्हें स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रदीप शर्मा ने किया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सैयद शबीहे रजा बाकरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)