मेरठ में रवि बैंड के संचालक समेत चार पर मुकदमा:शादी में बैंड, घोड़ी, बग्गी सब बुक... ऐन दिन पर गायब, 40 हजार लेकर फरार

Nov 25, 2026 - 22:18
0
मेरठ में रवि बैंड के संचालक समेत चार पर मुकदमा:शादी में बैंड, घोड़ी, बग्गी सब बुक... ऐन दिन पर गायब, 40 हजार लेकर फरार
मेरठ में शादी समारोह में बैंड, ढोल, डीजे ऑन व्हील, बग्गी, घोड़ी और छतर समेत पूरा पैकेज बुक कराने के बाद ऐन शादी वाले दिन सामान और टीम नहीं पहुंची। आरोप है कि बैंड संचालक ने फोन तक उठाना बंद कर दिया। परेशान परिवार ने खुद बैंड के कार्यालय पहुंचकर जानकारी की तो पता चला कि बुकिंग के बावजूद कार्यक्रम की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। पीड़ित को इधर-उधर से ढोल की व्यवस्था कर भाई की शादी संपन्न करानी पड़ी। मामले में लालकुर्ती पुलिस ने रवि बैंड के संचालक ऋतिक ठाकुर, उसकी बहन, मौसी और मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहले एक नजर पूरे मामले पर न्यू मीनाक्षीपुरम निवासी निशांत सागर पुत्र उमेश चंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई प्रशांत सागर की शादी 21 नवंबर को थी। इसके लिए उन्होंने आठ सितंबर को बेगमबाग स्थित रवि बैंड से 82 हजार रुपये में पैकेज बुक कराया था। पैकेज में बैंड, ढोल, डीजे ऑन व्हील का पूरा सेटअप, अंब्रेला लाइट्स, बग्गी, घोड़ी और छतर शामिल थे। बुकिंग के अगले दिन नौ सितंबर को उन्होंने 30 हजार रुपये एडवांस जमा कर दिए थे। इसके बाद 24 अक्टूबर को रवि बैंड के संचालक ऋतिक ठाकुर ने फोन कर 10 हजार रुपये और जमा कराने को कहा। निशांत ने रकम जमा कर दी, जिसकी रसीद भी उनके पास है। इस तरह बुकिंग के नाम पर कुल 40 हजार रुपये जमा कराए गए। शादी वाले दिन फोन नहीं उठाया निशांत के मुताबिक, 21 नवंबर को शादी वाले दिन ऋतिक ठाकुर ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। बैंड और अन्य व्यवस्थाओं के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने से परिवार परेशान हो गया। दोपहर में वह खुद रवि बैंड के कार्यालय पहुंचे, जहां ऋतिक की बहन कशिश और मौसी वंदना मिलीं। दोनों ने समय पर बैंड पहुंचने का भरोसा दिलाया, लेकिन निर्धारित समय गुजरने के बाद भी कोई व्यवस्था नहीं पहुंची। ऑफिस पहुंचे तो खुला धोखाधड़ी का खेल निशांत दोबारा रवि बैंड के कार्यालय पहुंचे तो उन्हें पता चला कि जिस पैकेज की बुकिंग की गई थी, उसकी कोई व्यवस्था ही नहीं की गई है। परेशान होकर उन्होंने पुलिस को फोन कर बुलाया, लेकिन इसके बावजूद बैंड और अन्य सामान की व्यवस्था नहीं हो सकी। आखिरकार निशांत ने इधर-उधर से ढोल जुटाए और किसी तरह भाई की शादी का कार्यक्रम संपन्न कराया। तीन अन्य परिवार भी पीड़ित होने का दावा निशांत ने बताया कि रवि बैंड की ओर से उनके साथ ही नहीं बल्कि तीन अन्य परिवारों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की गई है। दो दिन पहले उन्होंने लालकुर्ती थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। बुधवार शाम पुलिस ने उनकी तहरीर पर रवि बैंड संचालक ऋतिक ठाकुर, उसकी बहन कशिश, मौसी वंदना और मां के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी बोले- साक्ष्य संकलन का कार्य शुरु एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बैंड संचालक समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया गया है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User