अमरोहा में पनीर खाने के बाद 60 लोग बीमार:भात नौतने की रस्म में आए मेहमान, अस्पताल में भर्ती
अमरोहा के शेरगढ़ गांव में भात नौतने की रस्म के दौरान पनीर खाने के बाद करीब 50 से 60 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी बीमार लोगों को आदमपुर क्षेत्र के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। शादी में शामिल होने आए हैं मेहमान संभल जिले के बेला द्वापर गांव निवासी ममता देवी के बेटे की शादी आगामी 5 दिसंबर 2026 को होनी है। शादी से पहले भात नौतने की रस्म के लिए वह अपने मायके शेरगढ़ में भूरे सिंह के घर आई थीं। रस्म में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य और रिश्तेदार जुटे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान गंवा पावस की एक दुकान से पनीर मंगवाया गया था, जिसे खाने के बाद कई लोगों को परेशानी होने लगी। बीमार लोगों में रोताश, गायत्री, रणवीर, रोताश के दोनों बच्चे, रणवीर की पत्नी रानी, प्रेमशंकर, रूबी, चंदा, चंद्रपाल, नन्ही, सिब्बू, निहाल सिंह, प्रकाशो देवी और भूरे सिंह सहित अन्य लोग शामिल हैं। ग्राम प्रधान वीर सिंह के मुताबिक, पनीर खाने से करीब 55 से 60 लोगों की तबीयत खराब हुई है। फिलहाल पनीर खाने से ही तबीयत बिगड़ी या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पनीर की गुणवत्ता की जांच और संबंधित दुकान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)