कोहरे से बचने को रात में मिल पहुंच रहे किसान:शामली में शिव चौक से वर्मा मार्केट तक लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइन
शामली में सर्दी और कोहरे की दस्तक के साथ ही गन्ना किसानों की दिनचर्या बदलने लगी है। किसान सुबह कोहरे में खेतों से गन्ना लेकर निकलने के बजाय रात में ही शुगर मिल पहुंच रहे हैं। इसका असर शनिवार शाम शामली की त्रिवेणी शुगर मिल के बाहर देखने को मिला। रात करीब 8 बजे गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भैंसा बुग्गियों की कतार शिव चौक से लेकर वर्मा मार्केट तक पहुंच गई। शहर के बीचोंबीच वाहनों की लंबी लाइन लगने से यातायात प्रभावित हुआ। राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कोहरे से पहले गन्ना तौल कराने की होड़ सर्दी बढ़ने के साथ सुबह और रात के समय कोहरा पड़ने लगा है। किसान कोहरे में खेतों से गन्ना लेकर निकलने से बच रहे हैं। ऐसे में वे पहले ही गन्ने से लदे वाहन लेकर मिल पहुंच रहे हैं, जिससे शाम और रात के समय मिल के बाहर वाहनों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को भी यही स्थिति बनी रही। मिल के बाहर लगी वाहनों की कतार शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार तक पहुंच गई। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। दो घंटे में वाहनों को मिल परिसर में लेने का दावा त्रिवेणी शुगर मिल के जीएम सतीश बालियान ने बताया कि सर्दी का सीजन शुरू हो गया है और कोहरा पड़ने लगा है। किसान कोहरे से बचने के लिए पहले ही गन्ना लेकर मिल पहुंच रहे हैं। कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और भैंसा बुग्गी से गन्ना लेकर आते हैं। इससे कुछ समय के लिए वाहनों की कतार शहर के अंदर तक पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि मिल प्रबंधन करीब दो घंटे के अंदर सभी वाहनों को मिल परिसर में लेने का प्रयास करता है। मिल का संचालन सामान्य रूप से चल रहा है। 65 हजार क्विंटल पेराई का लक्ष्य, 40 हजार की आवक जीएम सतीश बालियान के अनुसार, मिल में प्रतिदिन करीब 65 हजार क्विंटल गन्ने की क्रशिंग का लक्ष्य है। फिलहाल करीब 40 हजार क्विंटल गन्ने की आवक हो रही है। इसमें गेट पर आने वाले गन्ने के साथ सीधे आपूर्ति होने वाला गन्ना भी शामिल है। मिल प्रबंधन के अनुसार गन्ने की आवक और पेराई का काम नियमित रूप से जारी है। शहर के यातायात पर बढ़ रहा दबाव मिल के बाहर गन्ने से लदे वाहनों की कतार का असर शहर के यातायात पर पड़ रहा है। शिव चौक और वर्मा मार्केट जैसे व्यस्त इलाकों तक लाइन पहुंचने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत होती है। बाजार आने वाले ग्राहकों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सर्दी बढ़ने के साथ किसानों के रात में मिल पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में मिल के बाहर वाहनों की कतार नियंत्रित करना और शहर का यातायात सुचारू रखना चुनौती बना रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)