कैंटर के गुप्त चैंबर से 467 पेटी अवैध शराब बरामद:फिरोजाबाद में रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, पंजाब में बिक्री के लिए बनी थी शराब

Nov 28, 2026 - 21:48
0
कैंटर के गुप्त चैंबर से 467 पेटी अवैध शराब बरामद:फिरोजाबाद में रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई, पंजाब में बिक्री के लिए बनी थी शराब
फिरोजाबाद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कठफोरी के पास सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से 467 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल कैंटर की कीमत भी करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है। शराब को कैंटर में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कठफोरी के पास सड़क किनारे एक संदिग्ध कैंटर खड़ा है। उसमें अवैध शराब होने की आशंका है। सूचना पर थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां यूपी 12 सीटी 4755 नंबर का कैंटर खड़ा मिला। हालांकि, उसका चालक मौके से गायब था। पुलिस ने कैंटर की निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान आसिफ और समीर नाम के दो व्यक्ति कैंटर के पास पहुंचे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि एक मोबाइल नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने कैंटर खराब होने की जानकारी देकर उसे ठीक कराने के लिए मौके पर बुलाया था। प्लास्टिक के पाइपों से छिपाया था गुप्त चैंबर पुलिस ने कैंटर की तलाशी ली तो उसके अंदर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। इसे प्लास्टिक के पाइपों से इस तरह ढका गया था कि पहली नजर में अंदर रखी सामग्री दिखाई न दे। पुलिस ने पाइप हटाकर चैंबर खोला तो उसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां रखी मिलीं। गिनती करने पर कुल 467 पेटी यानी 4,130 लीटर शराब बरामद हुई। बरामद शराब में रॉयल स्टैग, रॉयल ग्रीन और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह शराब पंजाब में बिक्री के लिए निर्मित की गई थी। इसे अवैध रूप से दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी थी। कैंटर मालिक और मोबाइल नंबर के खिलाफ मुकदमा पुलिस ने इस मामले में कैंटर मालिक और संबंधित मोबाइल नंबर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60, 62 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कैंटर चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User