एरा मेडिकल कॉलेज में संक्रामक बीमारियों पर मंथन:विशेषज्ञों ने काला-आजार और मलेरिया के उन्मूलन पर की चर्चा

Nov 28, 2026 - 21:48
0
एरा मेडिकल कॉलेज में संक्रामक बीमारियों पर मंथन:विशेषज्ञों ने काला-आजार और मलेरिया के उन्मूलन पर की चर्चा
लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज में शनिवार को काला-आजार और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और उन्मूलन पर विशेषज्ञों ने मंथन किया। कार्यशाला में बीमारियों की शुरुआती पहचान, आधुनिक जांच तकनीक और बेहतर उपचार पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों को इन बीमारियों के लक्षणों और इलाज की नई जानकारी देना जरूरी है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और संक्रमण पर नियंत्रण किया जा सके। डब्ल्यूएचओ ने आयोजित की कार्यशाला एरा विश्वविद्यालय के एरा'ज लखनऊ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), उत्तर प्रदेश की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि एरा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अब्बास अली महदी ने किया। उन्होंने कहा कि भारत में मलेरिया और काला-आजार पर नियंत्रण के लिए काफी प्रगति हुई है। हालांकि, इनके पूरी तरह उन्मूलन के लिए लगातार प्रयास करने होंगे। इसके लिए जनजागरूकता, बचाव, समय पर जांच, उचित उपचार और प्रभावी निगरानी जरूरी है। शोध को इलाज से जोड़ने पर जोर प्रो. महदी ने अपने करीब चार दशक के शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों के फैलाव, कारणों और लक्षणों को भारतीय परिस्थितियों के अनुसार समझना जरूरी है। रेजिडेंट डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को आधुनिक जांच विधियों और उपचार के नए तरीकों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोध का लाभ तभी मिलेगा, जब उसे अस्पतालों के इलाज और समुदाय स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य संगठनों और जनस्वास्थ्य एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी है। पीकेडीएल की पहचान और इलाज पर चर्चा डब्ल्यूएचओ के एनटीडी स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. तनुज शर्मा ने वैश्विक, राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर काला-आजार की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने मलेरिया के क्लीनिकल डायग्नोसिस, उपचार और काला-आजार उन्मूलन की रणनीतियों पर भी चर्चा की। PATH के डॉ. शोएब अनवर और डॉ. सिद्धार्थ दत्ता ने वैज्ञानिक सत्रों में विचार रखे। इसमें पोस्ट काला-आजार डर्मल लीशमैनियासिस (पीकेडीएल) की पहचान और प्रबंधन पर जानकारी दी गई। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. जमाल मसूद ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यशाला में मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी और कम्युनिटी मेडिसिन विभागों के डॉक्टर शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User