झांसी में 3 गांजा तस्करों को 10-10 साल की जेल:4 साल पहले 6 करोड़ का गांजा पकड़ा था, गैस टैंकर के अंदर छुपाकर ले जा रहे थे
झांसी में 6 करोड़ रुपए के गांजा के साथ पकड़े गए 3 तस्करों को कोर्ट ने 10-10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। सभी पर दो-दो लाख रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया है। 4 साल पहले तस्कर एलपीजी गैस टैंकर के अंदर गांजा छुपाकर उड़ीसा से मथुरा ले जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ और एनसीबी ने बबीना टोल प्लाजा के पास टैंकर को पकड़ा था। तीनों आरोपी मौके पर पड़े गए थे। बाद में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था। जिसे कोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। यह फैसला शनिवार को एनडीपीएस एक्ट कोर्ट के विशेष न्यायाधीश ओम पाल सिंह ने सुनाया है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए अभियोजन पक्ष के अनुसार, एनसीबी को सूचना मिली कि 3 तस्कर उड़ीसा से एलपीजी टैंकर में गैस की जगह बड़ी मात्रा में गांजा लोड करके मथुरा ले जा रहे थे। टैंकर सागर होते हुए ललितपुर और फिर बबीना टोल प्लाजा से 18 जुलाई 2022 को गुजरेगा। एनसीबी और एसटीएफ 18 जुलाई 2022 को झांसी के बबीना टोल प्लाजा पर पहुंची। यहां ललितपुर की तरफ से आए एक गैस टैंकर को रोका गया। जांच करने पर टैंकर में गैस की जगह 2330 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया। टैंकर में सवार मध्य प्रदेश के गुना के बांसखेड़ी निवासी हरी सिंह मीना, संभल के पाठकपुर गांव निवासी जलालुद्दीन सफी और महाराष्ट्र के नागरपुर निवासी सतीश पुंजाराम हेलोण्डे को गिरफ्तार किया गया था। सतीश महाराष्ट्र में सरकारी बस चलाता था। सभी के खिलाफ लखनऊ एनसीबी थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया था। जांच में हरियाणा के गुरुग्राम निवासी शक्ति सैनी का नाम प्रकाश में आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया था। 3 आरोपियों को सुनाई गई सजा शनिवार को कोर्ट ने आरोपी हरी सिंह मीना, जलालुद्दीन सफी और सतीश पुंजाराम हेलोण्डे को 10-10 साल के कारावास और दो-दो लाख रुपए के जुर्माना से दंडित किया है। वहीं, साक्ष्य के अभाव में शक्ति सैनी को दोषमुक्त कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)