अखिलेश पहले भगवान राम-सनातनियों से माफी मांगें:फिर करें अयोध्या दर्शन, फिरोजाबाद में मंत्री जयवीर सिंह बोले- हिंदुत्व की राजनीति से पुरानी सच्चाई नहीं बदलेगी
फिरोजाबाद में पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- अखिलेश यादव को अयोध्या जाने से पहले भगवान राम और सनातनियों से माफी मांगनी चाहिए। समाजवादी पार्टी अब भाजपा की पिच पर खेलने की कोशिश कर रही है। पुराने मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए हिंदुत्व की राजनीति करने से सच्चाई नहीं बदल सकती। मंत्री जयवीर सिंह शिकोहाबाद क्षेत्र के अरांव विकासखंड स्थित रामनगर गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने 1 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से बनने वाले ठाकुर जी महाराज मंदिर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक पर्यटन और विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने सपा, कांग्रेस गठबंधन और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। रामसेतु और भगवान राम के अस्तित्व पर उठाए थे सवाल जयवीर सिंह ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में भगवान राम के अस्तित्व और रामसेतु को लेकर सवाल उठाए गए थे। सनातन परंपराओं से जुड़े ऐसे कदम उठाए गए, जिनसे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या दर्शन और हिंदुत्व की राजनीति करने से पुराने बयानों और कामों को भुलाया नहीं जा सकता। 2027 में 50% से ज्यादा वोट मिलने का दावा विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अखिलेश यादव के दावों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि 2022 के चुनाव से पहले भी सपा ने अपनी सरकार बनने की तैयारी कर ली थी। मुख्य सचिव से लेकर पूरी कैबिनेट तक तय कर ली गई थी। केवल शपथ लेना बाकी रह गया था, लेकिन जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा पिछले दोनों चुनावों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 50 प्रतिशत से अधिक जनसमर्थन के साथ फिर सरकार बनाएगी। सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया अवसरवादी समझौता कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सपा के घोषणा पत्र और उम्मीदवारों को लेकर दिए गए बयान पर जयवीर सिंह ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को अवसरवादी और नीतिविहीन समझौता बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का गठन कांग्रेस की नीतियों के विरोध में हुआ था। मुलायम सिंह यादव ने जीवनभर कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन आज दोनों दल भाजपा को हराने के लिए साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने गठबंधन की तुलना 'केर और बेर' से करते हुए कहा कि अलग-अलग विचारधारा वाले दलों का साथ लंबे समय तक नहीं चल सकता। हालांकि, गठबंधन होने या न होने से भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। परिसीमन और महिला आरक्षण पर भी घेरा प्रस्तावित परिसीमन पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद की आपत्ति को लेकर मंत्री ने कहा कि परिसीमन किसी राजनीतिक दल के फायदे के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र और जनता के हित में है। इससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता मजबूत होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा राजनीतिक कारणों से परिसीमन और महिला आरक्षण का विरोध कर रही है। विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा जयवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। धार्मिक स्थलों और पर्यटन सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। रामनगर में ठाकुर जी महाराज मंदिर के विकास से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने 2027 में भाजपा की पहले से अधिक मजबूत जनादेश के साथ वापसी का दावा किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)