बारिश में बाइक फिसली, ट्रक में घुसे युवक की मौत:हरदोई में हाईवे पर बल्लीपुर टोल प्लाजा के पास हादसा, छुट्टी लेकर घर लौट रहा था
हरदोई में लखनऊ-पलिया हाईवे पर बल्लीपुर टोल प्लाजा के पास शनिवार दोपहर बारिश के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय अमरीश पटेल की मौत हो गई। अमरीश शाहजहांपुर के बंडा-पुवायां स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और घर में चल रहे निर्माण कार्य के सिलसिले में छुट्टी लेकर बाइक से गांव लौट रहा था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेज बारिश में अनियंत्रित हुई बाइक कासिमपुर थाना क्षेत्र के तेरवा दहिगवां गांव निवासी अमरीश पटेल पुत्र राकेश कुमार शनिवार को कंपनी से छुट्टी लेकर बाइक से घर के लिए निकला था। बताया गया कि घर में निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी देखरेख के लिए वह लौट रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे वह लखनऊ-पलिया हाईवे पर बल्लीपुर टोल प्लाजा के पास पहुंचा। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण बाइक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर में अमरीश गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायल अमरीश को मेडिकल कॉलेज ले जाया जाने लगा। रास्ते में हालत बिगड़ने पर एंबुलेंस उसे 100 बेड अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अमरीश को मृत घोषित कर दिया। घर का इकलौता बेटा था अमरीश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)