ऊंचाहार एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर लेटा युवक, GRP बचाया:अलीगढ़ स्टेशन पर रात की घटना, ट्रेन आते देख ट्रैक पर लेट गया था युवक

Nov 29, 2026 - 20:25
0
ऊंचाहार एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर लेटा युवक, GRP बचाया:अलीगढ़ स्टेशन पर रात की घटना, ट्रेन आते देख ट्रैक पर लेट गया था युवक
अलीगढ़ जंक्शन पर रविवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। प्लेटफार्म नंबर-4 पर 36 वर्षीय युवक ऊंचाहार एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर लेट गया। ट्रेन टूंडला की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल विजय कुमार की नजर उस पर पड़ गई। दोनों जवानों ने बिना देर किए ट्रैक पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ पल की देरी होती तो उसकी जान जा सकती थी। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्विवेदी के मुताबिक घटना रविवार रात करीब 1:30 बजे की है। ट्रेन संख्या 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर-4 की ओर आ रही थी। तभी एक युवक ट्रैक पर लेटा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे हटाकर थाने पहुंचाया। पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान उसकी पहचान शक्ति पुत्र रामचंद्र निवासी ईदगाह रोड, गांधी कॉलोनी, थाना मॉडल टाउन, पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई। दो दिन से घर से लापता था युवक पुलिस के मुताबिक शक्ति 27 नवंबर से घर से लापता था। आर्थिक कारणों से मानसिक रूप से परेशान होकर वह घर से निकल आया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी पानीपत के मॉडल टाउन थाने में दर्ज कराई थी। वहां मुकदमा संख्या 0249/2026 धारा 127(6) बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत है। जीआरपी ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी। परिजन अलीगढ़ पहुंचे तो युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही पानीपत पुलिस को भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। इन पुलिसकर्मियों ने बचाई जान कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक रवीश कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल विजय कुमार और कांस्टेबल मोहित कुमार शामिल रहे। जीआरपी के मुताबिक त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User