खेत के ट्रांसफार्मर के नीचे मिला युवक का शव:मुजफ्फरनगर में तमंचा, पाइप और बिजली ठीक करने के उपकरण बरामद; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र के जड़वड़ गांव में रविवार को खेत में लगे ट्रांसफार्मर के नीचे एक ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर करंट से झुलसने के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। भाभी ने खेत पर देखा शव जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय आजीव उर्फ नीटू पुत्र प्रहलाद शनिवार रात अपने खेत पर गया था। रविवार को जब उसकी भाभी मोनिका खेत पर पहुंची तो उसने ट्रांसफार्मर के नीचे आजीव का शव पड़ा देखा। उनकी आवाज सुनकर पास के खेतों में गन्ने की छिलाई कर रहे किसान भी मौके पर पहुंच गए। मौके से तमंचा और उपकरण बरामद सूचना मिलते ही ककरौली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा, प्लास्टिक का पाइप, ट्रांसफार्मर पर रखी एक बोतल और बिजली ठीक करने के उपकरण मिले हैं, जबकि मृतक की बाइक गन्ने के खेत में खड़ी मिली। ककरौली विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर चोरी रोकने व सुरक्षा के लिए रात में हाईटेंशन लाइन में सिंगल फेस करंट छोड़ा जाता है। जांच के दौरान ट्रांसफार्मर का ड्रेन वाल्व खुला मिला। वहीं क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पहली नजर में मौत करंट लगने से प्रतीत होती है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों के मुताबिक आजीव करीब 11 बीघा जमीन पर खेती करता था और उसे पहले बिजली मिस्त्री का काम भी आता था। वह इन दिनों परिवार सहित शुक्रताल में रह रहा था। उसके परिवार में पिता प्रहलाद, मां भंवर कली, पत्नी नैना और दो बेटे शिवांक (8) व आयुष (6) हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)