बिजलीघरों में खामियां मिलीं तो अफसरों की तय होगी जवाबदेही:एमडी सेंट ल्यूक्स बिजलीघर पहुंचे, बिजलीकर्मियों के पास सेफ्टी किट नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
पश्चिमाचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने बुधवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेंट ल्यूक्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपकेंद्र में विद्युत उपकरणों के रखरखाव से लेकर साफ-सफाई और अभिलेखों की स्थिति जांची। निरीक्षण में वीसीबी खराब मिलने और विद्युत कर्मियों के पास सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। एमडी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजलीघरों में उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। खामी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान रवीश गुप्ता ने उपकेंद्र में स्थापित विद्युत उपकरणों, लाइनों और पावर ट्रांसफार्मर के अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पावर ट्रांसफार्मर का तापमान और ऑयल स्तर जांचा। इसके अलावा उपकेंद्र परिसर और यार्ड की साफ-सफाई, लॉगशीट तथा कार्यालय के अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उपकेंद्र में खराब मिली वीसीबी को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। सुरक्षा से समझौता ना करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विद्युत कर्मियों के पास सुरक्षा मानकों के अनुरूप सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं मिली। इस पर एमडी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नियमित और संविदा विद्युत कर्मियों को तत्काल मानकों के अनुरूप सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनका इस्तेमाल सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। 14 जिलों के बिजलीघरों को दुरुस्त रखने के निर्देश
एमडी ने पश्चिमाचल डिस्कॉम के अंतर्गत आने वाले सभी 14 जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजलीघरों में स्थापित विद्युत उपकरणों को दुरुस्त रखा जाए। उपकेंद्रों और यार्ड में नियमित साफ-सफाई कराई जाए। विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों की समय-समय पर जांच की जाए, ताकि तकनीकी खामियों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो। ब्रेकडाउन पर तत्काल बहाल करनी होगी आपूर्ति
रवीश गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में किसी तरह की कोताही न बरती जाए। इसके लिए अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत लाइनों और उपकरणों की नियमित पेट्रोलिंग कराई जाए। कहीं भी ब्रेकडाउन होने पर तत्काल टीम भेजकर मरम्मत कराई जाए और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अधिकारी खुद अपने क्षेत्रों की निगरानी करें। लापरवाही पर संबंधित अधिकारी होंगे जिम्मेदार
एमडी ने चेतावनी दी कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि किसी बिजलीघर में विद्युत उपकरण खराब मिले या लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों के रखरखाव में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित अनुरक्षण, सुरक्षा मानकों और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)