बनारस स्टेशन पर बच्चों के लिए गेमिंग जोन शुरू:ट्रेन का इंतजार करते समय झूले, ट्रेन राइड और ट्रैम्पोलिन पर कर सकेंगे मस्ती

Nov 25, 2026 - 20:07
0
बनारस स्टेशन पर बच्चों के लिए गेमिंग जोन शुरू:ट्रेन का इंतजार करते समय झूले, ट्रेन राइड और ट्रैम्पोलिन पर कर सकेंगे मस्ती
बनारस स्टेशन पर अब ट्रेन का इंतजार करते समय बच्चों को बोर नहीं होना पड़ेगा। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 के सर्कुलेटिंग एरिया में गेमिंग जोन कम पैसेंजर एंटरटेनमेंट सेंटर शुरू किया गया है। यहां 5 से 14 साल तक के बच्चों के लिए मनोरंजन की कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। बच्चे एयरोप्लेन झूला, ट्रेन राइड, मिकी माउस और ट्रैम्पोलिन जंपिंग का आनंद ले सकेंगे। वहीं, यात्रियों के लिए एक ही परिसर में चाय-कॉफी से लेकर नाश्ते और अन्य खाद्य पदार्थों की व्यवस्था भी की गई है। ट्रेन का इंतजार करते समय बच्चे कर सकेंगे मस्ती गेमिंग जोन में बच्चों की उम्र को ध्यान में रखते हुए मनोरंजन के इंतजाम किए गए हैं। यहां एयरोप्लेन झूला, ट्रेन राइड, मिकी माउस और ट्रैम्पोलिन जंपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। खासकर परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के बच्चों को ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान समय बिताने का विकल्प मिलेगा। स्टेशन परिसर में ही मनोरंजन की सुविधा होने से यात्रियों को बच्चों के मनोरंजन के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। चाय-कॉफी, लस्सी और आइसक्रीम भी मिलेगी गेमिंग जोन को सिर्फ बच्चों के मनोरंजन तक सीमित नहीं रखा गया है। यहां यात्रियों के लिए खानपान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। लोग चाय, कॉफी, ढोकला और ब्रेड-मक्खन ले सकेंगे। इसके अलावा रेलनीर, रेलवे द्वारा अनुमोदित बोतलबंद पेयजल, कोल्ड ड्रिंक, लस्सी और छाछ भी मिलेगी। नाश्ते के लिए चिप्स, नमकीन, बिस्किट और आइसक्रीम की व्यवस्था की गई है। डीआरएम की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की मौजूदगी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने फीता काटकर गेमिंग जोन का शुभारंभ किया। इसके बाद डीआरएम ने अधिकारियों के साथ परिसर का निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरजे चौधुरी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और मेन्स कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य स्टेशन पर यात्रियों को मनोरंजन, खानपान और अन्य सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User