देवरिया में बच्चे का शव लेने से परिजनों का इनकार:निष्पक्ष जांच की मांग, 3 घंटे बाद SDM को ज्ञापन देने के बाद हुआ राजी
देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में सात साल के बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। करीब तीन घंटे तक बातचीत के बाद परिजन SDM को ज्ञापन सौंपने और रात करीब 10 बजे शव लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। 23 नवंबर को खेलने गया था शिवा मामला बरवां मीर छापर गांव का है। परिजनों के मुताबिक, सात वर्षीय शिवा मद्देशिया 23 नवंबर की सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास खेलने गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। परिवार ने उसी दिन रामपुर कारखाना थाने में पुलिस को इसकी सूचना दी थी। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बच्चे की तलाश कराने और घटनास्थल की जांच करने की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। तालाब में मिला था बच्चे का शव 24 नवंबर की शाम करीब पांच बजे शिवा का शव गांव के तालाब में शिव मंदिर के पास मिला। इसके बाद से परिजन पुलिस की जांच पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि हत्या की आशंका के बावजूद पुलिस मामले को दूसरा रूप देने की कोशिश कर रही है। परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छेड़छाड़ की आशंका भी जताई है। SP को प्रार्थना पत्र देकर मजिस्ट्रेट जांच की मांग शिवा के मामा महेश मद्देशिया ने SP को प्रार्थना पत्र देकर मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जांच अधिकारी SI आनंद कुमार पर कार्रवाई करने और निष्पक्ष जांच के बाद रिपोर्ट देने की मांग की। प्रार्थना पत्र पर गांव के कई अन्य लोगों के हस्ताक्षर भी बताए गए हैं। तीन घंटे की बातचीत के बाद माने परिजन परिजनों के शव लेने से इनकार करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे तक बातचीत चली। इसके बाद परिजन SDM को ज्ञापन सौंपने और रात करीब 10 बजे शव लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)