चालान की एपीके फाइल खोलते ही हैक हुआ मोबाइल:खाते से निकले 2 लाख रुपए, छह दिन तक जालसाजों के कब्जे में रहा फोन
लखनऊ में साइबर जालसाजों ने चालान की एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद छह दिन तक उनके मोबाइल का इस्तेमाल कर खाते से दो लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित को ठगी की जानकारी तब हुई, जब मोबाइल अचानक बंद हो गया और अगले दिन चालू होने पर ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले। पीड़ित की तहरीर पर अलीगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अलीगंज के चौधरी टोला निवासी उत्तम ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि 6 सितंबर की शाम उनके व्हाट्सअप पर अनजान नंबर से एक एपीके फाइल आई थी। आरटीओ चालान ऐप से मैसेज भेजने वाले ने लिखा था कि उसके व उत्तम के नाम से चालान आया है। उसे नोटिस मिला है, जिसमें दोनों के नाम हैं। फाइल खोलकर इसकी जांच करने के लिए कहा गया। उत्तम ने जैसे ही फाइल खोली, उनका मोबाइल हैक हो गया। हालांकि, उस समय उन्हें इसकी जानकारी नहीं हुई। पहले क्रेडिट कार्ड से काटे 2 रुपए अगले दिन उनके एक क्रेडिट कार्ड से दो रुपये कट गए। रकम कम होने के कारण उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद जालसाजों ने मोबाइल पर नियंत्रण बनाए रखा। उत्तम ने बताया कि 10 सितंबर को अचानक उनका मोबाइल बंद हो गया। उन्होंने उसे ऑन करने की काफी कोशिश की, लेकिन मोबाइल चालू नहीं हुआ। अगले दिन मोबाइल अपने आप ऑन हुआ तो उसमें ट्रांजेक्शन के चार मैसेज आए। मैसेज देखने पर पता चला कि उनके खाते से कुल दो लाख रुपए निकाले जा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने अलीगंज थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल कर रही है। ठगी की रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)