चार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई:सिद्धार्थनगर पुलिस ने लूट, हत्या और चोरी के मामलों में दर्ज किया मुकदमा
सिद्धार्थनगर पुलिस ने गोल्हौरा क्षेत्र में लूट, हत्या और चोरी सहित कई आपराधिक घटनाओं में शामिल चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरोह का सरगना गोल्हौरा निवासी सतीश गौड़ (पुत्र शिवदीन गौड़) को बनाया गया है। अजगरा निवासी रोहन चौहान (पुत्र छोटे लाल चौहान), जमहिरिया निवासी कृष्ण कुमार (पुत्र नीरब) और गोल्हौरा निवासी राजू शर्मा उर्फ कृष्णा (पुत्र तारकेश्वर शर्मा) को गिरोह का सदस्य बताया गया है। इन चारों पर मिलकर और अलग-अलग तरीके से आर्थिक लाभ के लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। गिरोह से जुड़े आरोपियों पर लूट, हत्या, चोरी और हथियार से जुड़े मामले सामने आए हैं। 11 अप्रैल 2025 को रिटिकरा निवासी आशीष कुमार अपने भाई प्रांजल कुमार के साथ गोल्हौरा स्थित प्रांजल ज्वेलर्स से सोने-चांदी के जेवर लेकर घर लौट रहे थे। गांव के उत्तर तरफ बगीचे के पास बाइक सवार चार लोगों ने उनका पीछा किया और प्रांजल कुमार को गोली मार दी। गोली लगने से घायल होकर गिरने के बाद आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की और दोबारा गोली मार दी। इसके बाद डिग्गी में रखे करीब 1.5 किलो चांदी और 50 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना में इस्तेमाल वाहन और तमंचे बरामद घायल प्रांजल कुमार को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जांच में सतीश गौड़, रोहन चौहान, कृष्ण कुमार और राजू शर्मा उर्फ कृष्णा के नाम सामने आए। कार्रवाई के दौरान लूटी गई ज्वेलरी, घटना में इस्तेमाल वाहन और तमंचे बरामद किए गए। चारों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र भी भेजा गया है।इसके अलावा, राजू शर्मा उर्फ कृष्णा पर चोरी की एक अन्य वारदात में शामिल होने का आरोप है। सतीश गौड़, रोहन चौहान और कृष्ण कुमार के खिलाफ भी अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने और गिरोह बनाकर वारदात करने के आधार पर चारों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। गोल्हौरा थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक नंदलाल यादव को सौंपी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)