छठ पर 15 अतिरिक्त बसें चलेंगी:देवरिया से 11 से 14 नवंबर तक दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ के लिए बढ़ेगी बसों की संख्या
देवरिया में डाला छठ पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम 15 अतिरिक्त बसें चलाएगा। ये बसें 11 से 14 नवंबर तक देवरिया से दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और लखनऊ के लंबे रूटों पर चलेंगी। नियमित बसें भी तय समय पर चलती रहेंगी। बुधवार को रोडवेज में लम्बी दूरी की बसों में भीड़ आई। लंबी दूरी के रूटों पर बसें बढ़ाने के लिए लोकल रूटों से भी बसें हटाई जा सकती हैं। ऐसे में तीन दिनों तक कुछ मार्गों पर बसों की कमी हो सकती है।
देवरिया डिपो में करीब 300 बसें हैं। अनुबंधित बसें लोकल रूटों पर और निगम की बसें लंबी दूरी के रूटों पर चलती हैं। इन बसों से दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, पडरौना और जिले के अलग-अलग लोकल रूटों पर रोज हजारों यात्री सफर करते हैं। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में छठ बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। इन इलाकों के कई लोग दिल्ली, मुंबई, हरियाणा और पंजाब समेत दूसरे राज्यों में नौकरी और कारोबार करते हैं। पर्व पर घर लौटने वालों की संख्या बढ़ जाती है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने पर यात्री बसों से सफर करते हैं।
डिपो ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है। सोमवार को देवरिया से दिल्ली के लिए 10 बसें भेजी गईं। बुधवार को भी दिल्ली के लिए छह बसें रवाना हुईं। देर शाम तक चार और बसें भेजने की तैयारी थी। लखनऊ के लिए 11 और कानपुर के लिए 12 बसें चलाई गईं।
विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या के हिसाब से लंबी दूरी के रूटों पर बसें बढ़ाई जाएंगी। फिलहाल देवरिया डिपो से रोज दिल्ली के लिए दो, कानपुर के लिए आठ, वाराणसी के लिए एक, लखनऊ के लिए पांच और प्रयागराज के लिए एक बस जाती है। अगले दिन इतनी ही बसें इन शहरों से देवरिया लौटती हैं। इस तरह लंबी दूरी के प्रमुख रूटों पर डिपो की 34 बसें चलती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)