दंतधावन कुंड का जल स्वच्छ और ऑक्सीजनयुक्त करने की तैयारी:रसायन मुक्त तकनीक से प्राकृतिक रूप से स्वच्छ होगा,-60 लाख रुपये की मशीन का उदघाटन
श्रीराममंदिर के सामने लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित दंत धवन कुंड के जल को स्वच्छ और ऑक्सीजनयुक्त बनाए रखने के लिए गुरुवार को देश की पहली ऑक्सी फ्यूजन मशीन का शुभारंभ किया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर हरी बटन दबाकर मशीन को कुंड को समर्पित किया। इसके साथ ही कुंड के जल की स्वच्छता की प्रक्रिया शुरू हो गई। करीब 60 लाख रुपये की लागत वाली इस मशीन का संचालन एनवायरो जोन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सीएसआर फंड के तहत करेगी। श्रद्धालुओं के लिए आस्था और पर्यटन का केंद्र बनेगा
इस मौके पर महापौर ने कहा कि दंत धावन कुंड के घाटों और सीढ़ियों का निर्माण बेहद सुंदर तरीके से किया गया है, लेकिन जल की स्वच्छता एक बड़ी चुनौती थी। एनवायरो जोन प्राइवेट लिमिटेड, गाजियाबाद के सहयोग से अब इस समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा उपयोग किए गए दंत धावन कुंड की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने से यह स्थल आध्यात्मिक चेतना के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था और पर्यटन का केंद्र बनेगा। मछली, कछुआ सहित अन्य जलीय जीवों के लिए भी अनुकूल
महापौर ने कंपनी के अधिकारियों से व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने तथा अन्य आवश्यकताओं में भी सहयोग करने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि मशीन के माध्यम से ऑक्सीजन, ओजोन और नैनो बबल तकनीक के मिश्रण से कुंड का जल बिना किसी रसायन के प्राकृतिक रूप से स्वच्छ और ऑक्सीजनयुक्त रखा जाएगा। इससे मछली, कछुआ सहित अन्य जलीय जीवों के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार होगा। मशीन की क्षमता प्रति घंटे 50 घन मीटर पानी साफ करने की है।
समारोह में उपसभापति संतोष सिंह, पार्षद लक्ष्मण वर्मा एवं प्रियेश दास, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, सहायक अभियंता निर्माण राजपति यादव, कंपनी के निदेशक धर्मेंद्र वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ऑक्सी फ्यूजन एवं नैनो बबल तकनीक जलाशय की स्वच्छता और पुनर्स्थापना की दिशा में क्रांतिकारी कदम
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि ऑक्सी फ्यूजन एवं नैनो बबल तकनीक जलाशय की स्वच्छता और पुनर्स्थापना की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। यह प्रणाली पूर्णतः रसायन मुक्त और पर्यावरण अनुकूल है, जिससे जलाशय की प्राकृतिक स्थिति प्रभावित किए बिना जल को स्वच्छ बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुंड के जल का टीडीएस और ऑक्सीजन स्तर नियमित रूप से जांचा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)