दरोगा पर अकेले मिलने और 2 लाख मांगने का आरोप:मेरठ में जनसुनवाई में पहुंची पीड़िता बोली आरोपियों से ज़्यादा पुलिस से खतरा
सर्किट हाउस में गुरुवार को हुई राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई में एक महिला ने पड़ोसियों पर छेड़छाड़ और मारपीट करने के साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद पल्लवपुरम थाने में तैनात रहे एक दरोगा शुभम गुप्ता ने भी उसे परेशान किया और दो लाख रुपए मांगने का दबाव बनाया। महिला ने राज्य महिला आयोग की सदस्या मनीषा अहलावत से शिकायत कर आरोपियों और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़िता बबीता ने बताया कि उसका बेटा दवाई लेने के लिए दुकान पर गया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले अमरदीप और संदीप की बाइक से उसके बेटे को टक्कर लग गई। दोनों ने शराब पी रखी थी। बेटे के रोने पर उसने अपने पति के साथ मौके पर पहुंचकर विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान अमरदीप ने उसका हाथ पकड़कर बदतमीजी और छेड़छाड़ की। महिला ने आरोप लगाया कि उसके गले की चेन भी छीन ली गई। शोर मचाने पर आसपास के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उससे 20 हजार रुपए मांगे और रुपए नहीं देने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके और परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। महिला के मुताबिक, वह न्यायालय पहुंची तो रिपोर्ट में उसका और छोटे बेटे का नाम नहीं था, जबकि पति और बड़े बेटे को जमानत करानी पड़ी। दरोगा पर दो लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया बबीता ने आरोप लगाया कि पल्लवपुरम थाने में तैनात रहे दरोगा शुभम गुप्ता 30 तारीख को उसके घर पहुंचे थे। उस समय घर पर वह और उसके बीमार ससुर मौजूद थे। आरोप है कि दरोगा घर में घुस आए और उससे दो लाख रुपए देने का दबाव बनाया। महिला का कहना है कि दरोगा ने रुपए नहीं देने पर उसका और बेटे का नाम मुकदमे में शामिल कराने की बात कही। उसने विरोध किया तो गाली-गलौज कर बेइज्जती की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दरोगा ने उसके परिवार को परेशान करने के लिए कई बार पुलिसकर्मियों को घर भेजा। पल्लवपुरम थाना प्रभारी भरत सारस्वत ने कहा कि महिला आयोग सदस्या के द्वारा इस मामले का पता चला है ,हालांकि शुभम गुप्ता इस केस में विवेचक थे लेकिन अब उनका तबादला ब्रह्मपुरी थाने में हो गया है। फिर भी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जाँच कराई जाएगी। आयोग की सदस्या ने दरोगा से फोन पर की बात शिकायत सुनने के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्या मनीषा अहलावत ने संबंधित दरोगा से फोन पर बात की। उन्होंने आगे महिला को परेशान नहीं करने के निर्देश दिए। मनीषा अहलावत ने बताया कि दरोगा का संबंधित थाने से स्थानांतरण हो चुका है। वहीं, पीड़िता ने स्पष्ट कहा कि वह समझौता नहीं चाहती, बल्कि पड़ोसियों और दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई चाहती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)