ई-रिक्शा चालक का गला रेतने के मामले में हेड-कांस्टेबल सस्पेंड:पहले चौकी प्रभारी पर हुई कार्रवाई, मेरठ में आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर एक्शन
मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र में हापुड़ के ई-रिक्शा चालक साजिद पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस के खिलाफ कार्रवाई हुई है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने रविवार देर रात शाफियाबाद लोटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल मुनेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया। साजिद को गुरुवार को जंगल में ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की कोशिश की गई थी। कप्तान ने घटना के बाद कार्रवाई में देरी और अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर दोनों पुलिसकर्मियों पर यह एक्शन लिया है। कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर जंगल ले गए हापुड़ के माजिदपुर निवासी साजिद का ई-रिक्शा एक आरोपी ने बुक किया था। इसके बाद उसका एक साथी भी रिक्शे में सवार हो गया। आरोप है कि दोनों ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद आरोपी उसे मुंडाली क्षेत्र के अजराडा के मजरे इलाहाबाद की मढैया के जंगल में ले गए। वहां धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। हापुड़ पुलिस ने जंगल से बरामद किया ई-रिक्शा हापुड़ पुलिस ने असौड़ा गांव के जंगल से साजिद का ई-रिक्शा बरामद कर लिया था। उसके भाई फारूख की शिकायत पर पुलिस ने जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला से संबंध का विरोध करने के चलते साजिद पर हमला किया गया। वारदात वाले रास्ते के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। इसमें आरोपी दिखाई दिए हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी साजिद का परिचित है और उसी ने अपने साथी से उसका ई-रिक्शा बुक कराया था। मेडिकल में लिखकर दिया बयान रविवार को एसीएम मृदुला सिंह ने मेरठ मेडिकल पहुंचकर साजिद के बयान दर्ज किए। वह बोलकर बयान देने की स्थिति में नहीं था, इसलिए उसने लिखकर अपना बयान दिया। पुलिस ने अभी इन बयानों को सार्वजनिक नहीं किया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की दबिश सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। आरोपियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि साजिद की हालत में सुधार हो रहा है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)