जनपदीय सब-जूनियर और सीनियर जूडो टीम का चयन पूरा:कड़े मुकाबले के बाद 21 खिलाड़ियों को मिली जगह; शनिवार को होगा मंडलीय ट्रायल
प्रादेशिक जूडो प्रतियोगिताओं में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुक्रवार को जनपदीय सब-जूनियर और सीनियर जूडो टीम की घोषणा कर दी गई। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सिगरा) में आयोजित चयन परीक्षण (ट्रायल) के बाद बालक-बालिका और महिला-पुरुष वर्गों में कुल 21 खिलाड़ियों का चयन विभिन्न भार वर्गों में किया गया है। यह जानकारी जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने दी। प्रदेश प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया - उत्तर प्रदेश जूडो संघ के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर (बालक एवं बालिका) जूडो प्रतियोगिता का आयोजन कानपुर में 2 से 3 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रादेशिक सीनियर (पुरुष एवं महिला) जूडो प्रतियोगिता 9 से 11 दिसंबर तक राजधानी लखनऊ में खेली जाएगी। इन दोनों प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए वाराणसी के खिलाड़ियों ने सिगरा स्टेडियम के मैट पर अपना दमखम दिखाया। चयनित खिलाड़ियों की सूची
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक और फुर्ती की कड़ी परीक्षा ली गई, जिसके बाद निम्नलिखित खिलाड़ियों को जनपदीय टीम में स्थान मिला है - सब-जूनियर बालक वर्ग: समीर प्रजापति, यश प्रताप सिंह, रूद्र प्रताप, योगेश यादव, अतुल पाल, अंश यादव और आदित्य पाल। सब-जूनियर बालिका वर्ग: एकता राय, सौम्या चौहान और साक्षी। सीनियर पुरुष वर्ग: कमलेश यादव, विशाल यादव, चंदन यादव, दीपक यादव, मयंक वर्मा, आशु यादव और सूरज यादव। सीनियर महिला वर्ग: खुशी सोनकर, वैष्णवी, खुशबू और अनुष्का पांडे। शनिवार को होगा मंडलीय टीम का चयन
संपूर्ण चयन प्रक्रिया जूडो कोच संतोष प्रजापति, जूडो संघ के प्रतिनिधि केबी रावत और राजेश मौर्या की देखरेख में निष्पक्ष रूप से संपन्न हुई। वाराणसी जिला जूडो संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज 'शैंपू' ने बताया कि जनपद स्तर पर चयनित इन सभी खिलाड़ियों के लिए अगला पड़ाव मंडलीय ट्रायल होगा। मंडलीय टीम का चयन परीक्षण शनिवार, 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे से सिगरा स्टेडियम में ही आयोजित किया जाएगा। मंडलीय ट्रायल में अंतिम रूप से चुने जाने वाले खिलाड़ी ही कानपुर और लखनऊ में होने वाली प्रादेशिक प्रतियोगिताओं में वाराणसी मंडल की चुनौती पेश करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)