लखनऊ में ‘रंगदर्शन’ नाट्य संध्या में दो कहानियों का मंचन:‘सुनयना’ और ‘बीहड़ में दावत’ की दर्शकों ने की सराहना

Nov 27, 2026 - 21:22
0
लखनऊ में ‘रंगदर्शन’ नाट्य संध्या में दो कहानियों का मंचन:‘सुनयना’ और ‘बीहड़ में दावत’ की दर्शकों ने की सराहना
लखनऊ के गोमती नगर स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को रंगदर्शन नाट्य संध्या में दो कहानियों का मंचन किया गया। वरिष्ठ रंगकर्मी पुनीत अस्थाना के निर्देशन में प्रस्तुत ‘सुनयना’ और ‘बीहड़ में दावत’ ने दर्शकों को भावनाओं और हास्य के अलग-अलग रंगों से रूबरू कराया। भारतीयम् एवं शिवांजना के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों के अभिनय को दर्शकों की सराहना मिली। पहली प्रस्तुति वी.वा. शिरवाडकर की मूल रचना ‘मृगनक्षत्र’ पर आधारित ‘सुनयना’ रही। इसकी कहानी मानस नाम के सूफी गायक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे चित्रकारी का भी शौक है। लखनऊ आर्ट्स कॉलेज के प्रोफेसर मुखर्जी से उसकी दोस्ती होती है। एक दिन वह उनकी मिनिएचर पेंटिंग लेकर डॉ. एसके गौतम के क्लीनिक पहुंचता है। वहां उसकी मुलाकात सुनयना से होती है, जो अपने बीमार बच्चे की दवा के लिए परेशान है। मानस उसकी मदद करता है। परिस्थितियों का सम्मान करने का संदेश दिया बाद में पता चलता है कि सुनयना का बच्चा गुजर चुका है। पति के छोड़ने और आर्थिक तंगी के चलते उसने मॉडलिंग शुरू की और एक अमीर विधुर के साथ घर बसा लिया। प्रोफेसर मुखर्जी के स्टूडियो में मानस और सुनयना की दोबारा मुलाकात कहानी को भावनात्मक मोड़ देती है। नाटक ने प्रेम, संवेदना और दूसरे की परिस्थितियों का सम्मान करने का संदेश दिया। प्रसंग ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया दूसरी प्रस्तुति नाग बोडस की रचना ‘बीहड़ में दावत’ रही। हास्य और व्यंग्य से भरपूर इस नाटक में चंबल के मुरैना इलाके में डाकुओं के सामूहिक आत्मसमर्पण के दौर को दिखाया गया। सोशल साइंसेज के डायरेक्टर प्रोफेसर बासु अपने विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए वहां भेजते हैं। एक गांव में चौधरी के घर पहुंचने पर विद्यार्थियों की भव्य आवभगत होती है। खाने की लंबी दावत देखकर शहरी छात्र घबरा जाते हैं। उनके खाना न खाने पर चौधरी बंदूक तान देता है। इस प्रसंग ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से हुए आयोजन में सेट डिजाइन आनंद अस्थाना, निर्माण आशुतोष विश्वकर्मा, प्रकाश व्यवस्था मनीष सैनी, कॉस्ट्यूम रत्ना अस्थाना और पार्श्व संगीत अंकुर सक्सेना ने संभाला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User