एक कमरे में 1 करोड़ से ज्यादा की कोडीन सिरप:प्रयागराज में इंटरस्टेट रैकेट पकड़ाया, दिल्ली-हरियाणा से लाकर कई राज्यों में सप्लाई

Sep 28, 2026 - 00:56
0
एक कमरे में 1 करोड़ से ज्यादा की कोडीन सिरप:प्रयागराज में इंटरस्टेट रैकेट पकड़ाया, दिल्ली-हरियाणा से लाकर कई राज्यों में सप्लाई
प्रयागराज में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के एक बड़े इंटरस्टेट नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रविवार शाम एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कमरे में छापा मारकर एक करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की कोडीन कफ सिरप बरामद की। सिरप की बड़ी खेप कमरे में छिपाकर रखी गई थी। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया है। उनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट क्षेत्र में एक कमरे के अंदर बड़ी मात्रा में कोडीन कफ सिरप अवैध तरीके से स्टोर करके रखी गई है। यहां से इस सिरप की सप्लाई प्रयागराज के अलावा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में की जाती है। एसटीएफ को यह भी इनपुट मिला था कि इस नेटवर्क की सप्लाई मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक फैली है। अलग-अलग ठिकानों पर स्टोर करते थे खेप जांच में यह जानकारी सामने आई कि तस्करी से जुड़ा नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से कोडीन कफ सिरप की खेप प्रयागराज लाता था। इसके बाद इसे शहर में अलग-अलग ठिकानों पर स्टोर किया जाता था। यहां से मांग के मुताबिक यूपी के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों में इसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। इसी सूचना पर एसटीएफ की टीम ने एयरपोर्ट थाना पुलिस को साथ लेकर रविवार शाम करीब सात बजे बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। कमरे की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में कोडीन कफ सिरप की शीशियां बरामद हुईं। बरामद सिरप की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ, सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही टीम मौके से तीन लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू की गई। एसटीएफ और एयरपोर्ट पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिरप की यह खेप कहां से मंगाई गई थी, किसके जरिए प्रयागराज पहुंची और यहां से किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और उनके ठिकानों की जानकारी मिलने की भी उम्मीद है। टीम यह भी पता कर रही है कि इस नेटवर्क में प्रयागराज के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। ड्रग इंस्पेक्टर ने भी शुरू की जांच कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर की टीम भी मौके पर पहुंची। बरामद कफ सिरप की जांच और उसकी मात्रा का मिलान किया जा रहा है। देर रात तक एसटीएफ, एयरपोर्ट थाना पुलिस और ड्रग विभाग की टीम कार्रवाई की लिखा-पढ़ी में जुटी रही। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बताने से इंकार करती रही। ऐसे में बरामद सिरप की वास्तविक मात्रा, कीमत और पकड़े गए लोगों की पहचान जांच टीमों की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। 6 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई प्रयागराज में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ छह दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 30 सितंबर को अतरसुइया क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान में बने गोदाम से करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की कोडीन कफ सिरप और अन्य नशीली दवाएं बरामद की थीं। अब एयरपोर्ट क्षेत्र में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की कफ सिरप पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियों की नजर इस पूरे नेटवर्क पर है। खास तौर पर दिल्ली और हरियाणा से प्रयागराज तक खेप पहुंचाने और यहां से उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक सप्लाई के नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User