नेपाल के 13 कवियों ने लखनऊ में सुनाईं कविताएं:‘कविता की जमीन’ कार्यक्रम में हिंदी-नेपाली का संगम, दोनों देशों के रिश्तों पर हुई चर्चा
लखनऊ के कैफ़ी आज़मी एकेडमी में रविवार को जनवादी लेखक संघ की ओर से ‘कविता की जमीन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नेपाल से आए 13 कवियों ने अपनी कविताओं का पाठ किया। हिंदी और नेपाली भाषा की रचनाओं के जरिए दोनों देशों के सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक संबंधों को सामने रखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि हरीश चन्द्र पांडे ने की। उन्होंने कहा कि कविता ऐसी विधा है, जो लोगों पर गहरा असर डालती है और राष्ट्रों को जोड़ने का काम करती है। रवींद्रनाथ टैगोर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उनका साहित्य राष्ट्रीय सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों को जोड़ता है। हरीश चन्द्र पांडे ने बताया कि टैगोर का लिखा राष्ट्रगान भारत और बांग्लादेश दोनों में गाया जाता है। वहीं, श्रीलंका का राष्ट्रगान भी रवींद्र संगीत की धुन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि नेपाली कवियों की रचनाओं में भी दोनों देशों को जोड़ने और उनकी सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों को समझने का भाव दिखाई देता है। इनमें वसुधैव कुटुंबकम की भावना भी है। अगले साल नेपाल जाएंगे हिंदी के कवि कवि-आलोचक नलिन रंजन सिंह ने कहा कि हिंदी और नेपाली कवियों के बीच साहित्यिक संवाद आगे भी जारी रहेगा। अगले साल जनवादी लेखक संघ से जुड़े हिंदी के कवि नेपाल जाएंगे। उन्होंने कहा कि नेपाली कवियों का हिंदी में कविता पाठ इस भाषा की समृद्धि और नेपाल में हिंदी की मजबूत जड़ों को दर्शाता है। इस दौरान नेपाली कवियों ने हिंदी और नेपाली दोनों भाषाओं में रचनाएं प्रस्तुत कीं। डॉ. हरिप्रसाद तिमिल्सिना ने ‘नेपाल में हिंदी कविता’ विषय पर अपने विचार रखे। 13 कवियों ने किया काव्य पाठ कार्यक्रम में नेपाल से आए डॉ. कृष्ण सुबेदी, डॉ. मधुसूदन गिरी, डॉ. विदुर चालिसे, तिला लेकाली, डॉ. पूर्ण भण्डारी पङ्कज, सिर्जन, जुनू खड्का, भीम भारती, त्रिलोचन आचार्य, प्रजापति नेगी, मीना बराल और ईश्वरी प्रसाद रिजाल ने कविताएं सुनाईं। कवयित्री शालिनी सिंह और ज्ञान प्रकाश चौबे ने भी काव्य पाठ किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)