एटा में भाईदूज पर हादसे में महिला की मौत:पति गंभीर, तीन मासूम बच्चे सुरक्षित बचे

Nov 11, 2026 - 19:16
0
एटा में भाईदूज पर हादसे में महिला की मौत:पति गंभीर, तीन मासूम बच्चे सुरक्षित बचे
एटा के भाईदूज के त्योहार पर एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव जमों के पास बुधवार दोपहर करीब 2 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही पत्नी राधा ने दम तोड़ दिया, जबकि पति सागर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। राहत की बात यह रही कि बाइक पर सवार तीनों मासूम बच्चे सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, सागर भाईदूज के मौके पर अपनी पत्नी राधा और तीन बच्चों के साथ बाइक से गांव पचावर, घिरौर जा रहे थे। बाइक पर उनकी चार वर्षीय बेटी निशू, तीन वर्षीय बुलबुल और सात माह की वैष्णवी भी सवार थीं। परिवार अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान जलेसर क्षेत्र के गांव जमों के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सागर और राधा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, बाइक पर सवार तीनों बच्चों को चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही जलेसर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल सागर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया। वहीं, राधा की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भाईदूज के दिन हुए इस हादसे ने तीन मासूम बच्चों से उनकी मां का साया छीन लिया। जिस दिन परिवार त्योहार की खुशियां मनाने जा रहा था, उसी दिन घर में मातम छा गया। मां की मौत और पिता के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User