GIDA में बनेगी लेबर डॉर्मिटरी:29 नवंबर को CM योगी करेंगे शिलान्यास
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और कामगारों के जीवन स्तर को सुधारने तथा उन्हें सुरक्षित एवं किफायती आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। GIDA सेक्टर-15 औद्योगिक योजना के अंतर्गत श्रमिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित लेबर डॉर्मिटरी (श्रमिक आवास गृह) का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 3.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है, जिससे दूसरे जनपदों और राज्यों से आकर यहां काम करने वाले कामगारों को बड़ी राहत मिलेगी। GIDA में बनने वाली लेबर डॉर्मिटरी का शिलान्यास, गीडा के 37वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 29 नवंबर को होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। GIDA में वर्तमान में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं। यहां स्थानीय के साथ-साथ पूर्वांचल के अन्य जिलों और बाहरी राज्यों से आए हुए कामगार बड़ी संख्या में कार्य करते हैं। औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के साथ ही यहां काम करने वाले श्रमिकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बाहर से आने वाले कामगारों को सुरक्षित और किफायती आवास की सुविधा देने के लिए गीडा प्रशासन सेक्टर-15 में लेबर डॉर्मिटरी का निर्माण कराने जा रहा है। GIDA की तरफ से तैयार कार्ययोजना के अनुसार, GIDA के सेक्टर-15 स्थित साइट कार्यालय के परिसर में उत्तर दिशा की ओर लगभग 693 वर्ग मीटर भूमि पर लेबर डॉर्मिटरी का निर्माण किया जाएगा। यह भवन जी-प्लस-टू (भूतल सहित दो मंजिला) संरचना का होगा। GIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विशाल कुमार का कहना है कि आधुनिक लेबर डॉर्मिटरी को एक संपूर्ण 'औद्योगिक श्रमिक सुविधा केंद्र' के रूप में विकसित किया जाएगा।
यहां कामगारों की बुनियादी से लेकर स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सभी जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। श्रमिकों के ठहरने के लिए डॉर्मिटरी में आरामदायक बेड की समुचित व्यवस्था होगी। इसके साथ ही कामगारों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक कम्युनिटी किचन तथा एक बड़े कॉमन डाइनिंग हॉल का निर्माण किया जाएगा। स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए परिसर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के साथ-साथ आधुनिक शौचालयों और स्नानघरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। लेबर डॉर्मिटरी में यहां महिला और पुरुष श्रमिकों की निजता और सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा गया है। भवन में महिला और पुरुष कामगारों के लिए पूरी तरह से अलग-अलग आवासीय खंड और सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, कार्यस्थल के आसपास रहने वाले श्रमिकों को किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने में मदद के लिए परिसर में ही मेडिकल और फर्स्ट-एड रूम (प्राथमिक चिकित्सा कक्ष) भी बनाया जाएगा। दिन भर की कड़ी मेहनत के बाद कामगारों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए मनोरंजन की व्यवस्था भी इस योजना का हिस्सा है। परिसर की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पूरे भवन और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था रहेगी।
लेबर डॉर्मिटरी का निर्माण गीडा प्रशासन द्वारा स्वयं के वित्तीय संसाधनों से कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसके बेहतर रखरखाव, प्रबंधन और सुचारू संचालन के लिए इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की योजना है। गीडा के सीईओ का मानना है कि गीडा में लेबर डॉर्मिटरी के निर्माण से इंडस्ट्रियल इको सिस्टम को भी नई मजबूती मिलेगी। बाहरी कामगारों के लिए आवास की व्यवस्था हो जाने से उद्यमियों को वर्ष पर्यंत कुशल एवं स्थायी श्रमशक्ति उपलब्ध हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)