गजरौला में किसान युवा संसद आयोजित:सरकारी नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय ग्रामीण उद्योगों से जोड़ने पर चर्चा

Sep 27, 2026 - 18:21
0
गजरौला में किसान युवा संसद आयोजित:सरकारी नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय ग्रामीण उद्योगों से जोड़ने पर चर्चा
अमरोहा के गजरौला में भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के बैनर तले रविवार को किसान युवा संसद का आयोजन किया गया। इसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कई मामलों में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा संज्ञान लेने और संदिग्ध गतिविधियों वाले मामलों की जांच व लेखा-जोखा कराने की मांग पर आयोग और जिला प्रशासन का धन्यवाद किया। किसान युवा संसद में ग्रामीण युवाओं को केवल सरकारी नौकरी पर निर्भर रहने के बजाय ग्रामीण आधारित उद्योगों और संगठित रोजगार से जोड़ने की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संगठन ने कहा कि युवाओं को दिए जाने वाले प्रशिक्षण के आंकड़ों के बजाय रोजगार पाने, चयनित होने और अपना व्यवसाय शुरू करने वाले युवाओं की वास्तविक संख्या को सफलता का आधार बनाया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और कृषि जैसे सार्वजनिक मुद्दों पर नियमित क्षेत्रीय रिपोर्ट तैयार करने तथा चुनाव के दौरान उम्मीदवारों के घोषित रिकॉर्ड के आधार पर तथ्यपरक संवाद स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। 'रोजगार भी, जवाबदेही भी, मजबूत लोकतंत्र भी' और 'युवा जागेगा, गांव आगे बढ़ेगा' के संकल्प के साथ संगठन ने एक हजार गंभीर और निष्ठावान युवाओं की विशेष टीम तैयार करने की घोषणा की। यह टीम गांव-गांव चौपाल लगाकर स्थानीय समस्याओं, सार्वजनिक संस्थानों के कामकाज और जनप्रतिनिधियों के दावों का जमीनी स्तर पर ऑडिट करेगी। नरेश चौधरी ने कहा कि युवा केवल चुनाव के समय भीड़ जुटाने या प्रचार सामग्री बांटने तक सीमित न रहें, बल्कि नीतियों और विकास के मानकों को तय करने में भी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्रों तक विकास कार्यों, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और स्थानीय रोजगार से जुड़े आंकड़ों का सार्वजनिक रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इस दौरान नरेंद्र चौहान को प्रदेश प्रभारी पद का प्रमाण पत्र देकर मनोनीत किया गया तथा 25 युवाओं की नगर कार्यकारिणी गठित की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User