गोरखपुर एयरपोर्ट पर अचानक लगी आग, मची अफरातफरी:फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, मॉक ड्रिल में परखी गई तैयारियां

Nov 26, 2026 - 17:56
0
गोरखपुर एयरपोर्ट पर अचानक लगी आग, मची अफरातफरी:फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, मॉक ड्रिल में परखी गई तैयारियां
गोरखपुर के सिविल एयरपोर्ट पर गुरुवार को अचानक आग लगने की खबर मिलने से हड़कंप मच गया। वहां मौजद लोगों और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। इसका अलर्ट मिलते ही अग्निशमन कर्मी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ ही देर में आग पर काबू पाने और आपात स्थिति में बचाव कार्य करने का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने करीब से देखा कि आग लगने की स्थिति में किस तरह तेजी से कार्रवाई करनी होती है। यह सब विमानन सुरक्षा सप्ताह के तहत कराई गई मॉक ड्रिल का हिस्सा था। देखिए 2 तस्वीरें.… इसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर काम करने वाले अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में सतर्क रहने और तुरंत कार्रवाई करने का प्रशिक्षण देना था। साथ ही यह भी समझाया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय तय प्रक्रिया का पालन करना कितना जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने की। अग्निशमन सेवा के अधीक्षक मुबारक हुसैन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों, आग के प्रकार और उसे बुझाने के सही तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर तरह की आग के लिए अलग-अलग अग्निशमन यंत्र होते हैं। इसलिए आग की प्रकृति को समझकर ही सही उपकरण का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और आग लगने पर बाहर निकलने के तरीकों के बारे में भी बताया। आपात स्थिति में सभी विभागों का समन्वय जरूरी एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने कहा कि विमानन क्षेत्र में यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी आपात स्थिति में कुछ मिनटों की देरी भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। सेफ्टी मैनेजर विजय कुमार ने विमानन संरक्षा प्रबंधन प्रणाली (एसएमएस) के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जोखिमों की समय रहते पहचान और नियमित मॉक ड्रिल से दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है। वहीं इंडिगो एयरलाइंस के एपीएम गोविंद ने बताया कि आपात स्थिति में एयरलाइन कर्मचारियों की भी अहम जिम्मेदारी होती है। उन्हें अन्य विभागों के साथ मिलकर काम करना चाहिए। बिजली विभाग के प्रभारी उमेश चंद्र ने बिजली के उपकरणों और वायरिंग से आग लगने की आशंका, उससे बचाव और आपात स्थिति में बिजली की आपूर्ति सुरक्षित तरीके से बंद करने की जानकारी दी। कार्यक्रम में एयरपोर्ट के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और एयरलाइन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User