मानहानि के मामलों में FIR पर हाईकोर्ट सख्त:गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव से मांगा व्यक्तिगत हलफनामा

Nov 25, 2026 - 22:50
0
मानहानि के मामलों में FIR पर हाईकोर्ट सख्त:गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव से मांगा व्यक्तिगत हलफनामा
आपराधिक मानहानि के मामलों में पुलिस के सीधे FIR दर्ज करने पर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद अधिकारी जल्दबाजी में FIR दर्ज कर रहे हैं। कोर्ट ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव से व्यक्तिगत हलफनामा मांगा है। साथ ही चेतावनी दी है कि तय समय में हलफनामा दाखिल नहीं हुआ तो उन्हें रिकॉर्ड के साथ खुद पेश होना पड़ेगा। FIR पर अंतरिम रोक लगाई न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने यह आदेश मोहम्मद रियाज उर्फ रियाज गाजी की याचिका पर दिया। याची के खिलाफ हरदोई कोतवाली में 29 अक्टूबर 2026 को FIR दर्ज की गई थी। इसमें बीएनएस की धारा 356 और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत आरोप लगाए गए थे। कोर्ट ने इस FIR पर अंतरिम रोक लगा दी है। फेसबुक पोस्ट साझा करने का मामला मामले के अनुसार, याची ने दिलशाद खान की ओर से फेसबुक पर साझा की गई पोस्ट आगे शेयर की थी। इसमें कथित तौर पर AI से तैयार और संपादित ऑडियो क्लिप थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि इससे उसकी और उसके राजनीतिक दल की छवि को नुकसान पहुंचा। आईटी एक्ट की धारा 66डी पर सवाल सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने FIR का बचाव किया। सरकार की ओर से कहा गया कि संपादित पोस्ट साझा करने से याची के खिलाफ अपराध बनता है। कोर्ट ने पहली नजर में इस दलील से असहमति जताई। अदालत ने कहा कि आईटी एक्ट की धारा 66डी कंप्यूटर संसाधन के जरिए किसी का रूप धरकर धोखाधड़ी करने से जुड़ी है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के 2016 के फैसले का जिक्र किया। कोर्ट ने पूछा कि आपराधिक मानहानि के मामलों में तय कानूनी प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है। अदालत ने अपर मुख्य सचिव गृह से यह भी बताने को कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। तय समय में व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल नहीं होने पर उन्हें संबंधित रिकॉर्ड के साथ अदालत में पेश होना होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User