हड़ताल से पहले ग्राहकों ने निपटाए जरूरी काम:गोरखपुर में व्यापारियों को होगी सबसे ज्यादा परेशानी; बोले- अटक जाएगा लेनदेन
गोरखपुर में सोमवार से सरकारी बैंकों की तीन दिन की हड़ताल शुरू होने जा रही है। इसे देखते हुए रविवार को बैंक खुले रहे। आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन हड़ताल के कारण ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देने के लिए रविवार को शाखाओं में कामकाज किया गया। सुबह से ही कई शाखाओं में ग्राहक लेनदेन और अन्य बैंकिंग काम के लिए पहुंचे। लोगों ने बताया कि इस हड़ताल से सबसे अधिक परेशानी व्यापारी वर्ग को होगा। हड़ताल से जनता और व्यापारियों को होगी परेशानी पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते लगातार तीन दिन सरकारी बैंकों की शाखाओं में सामान्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हड़ताल के बाद 1 अक्टूबर को बैंक खुलेंगे। रविवार को बैंक पहुंचे ग्राहकों ने कहा कि लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने से आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी होगी। व्यापारियों के लिए रोजाना लेनदेन, भुगतान और अन्य काम के लिए बैंक जरूरी हैं। ऐसे में तीन दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से उनके काम भी अटक सकते हैं। हड़ताल से पहले रविवार को निपटाया जरूरी काम रविवार को बैंक खुले होने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी काम निपटाने पहुंचे। कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने रविवार को बैंक बंद होने की उम्मीद की थी, लेकिन बैंक खुलने का मैसेज मिलने के बाद वे लेनदेन करने पहुंच गए। दैनिक भास्कर से बात करते हुए लेनदेन करने पहुंचे मनोज सिंह ने बताया, "2004 से मेरी शाखा SBI में है। लेनदेन के लिए अच्छा है। लेकिन 28 से 3 दिन तक हो रहे हड़ताल से हमे परेशानी होगी। इसलिए संडे के दिन लेनदेन करने के लिए आया हु। लेकिन बैंक को भी लगातार 3 दिन तक हड़ताल नहीं करनी चाहिए। सभी लोग इसी पर निर्भर रहेंगे। इसके साथ ही व्यापारी वर्ग को काफी परेशानी होगी।" बैंक के मैसेज के बाद रविवार को पहुंचे बैंक पहुंचे प्रतीक शर्मा ने बताया, "आज संडे का दिन था सुबह सोचा था कहीं घूमने जाउगा लेकिन बैंक की तरफ से मैसेज आया कि आज बैंक खुला रहेगा। इसके बाद 28 से 30 तक बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर जायेगें। तो बैंकिंग सेवा बंद रहेगा। इसीलिए मैं घूमने ना जाके बैंक पर आ गया। और कुछ लेनदेन करने थे वही करके जा रहा हूं।" वेतन और पेंशन पर नहीं पड़ेगा असर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का राज्यकर्मियों के वेतन और पेंशन पर असर नहीं पड़ेगा। कोषागार में वेतन के बिल पहुंच रहे हैं। 1 अक्टूबर को कर्मचारियों के खातों में वेतन भेजे जाने की बात कही गई है। इसी तरह पेंशनर्स के खातों में भी पेंशन की रकम पहुंच जाएगी। 30 सितंबर को अर्धवार्षिक क्लोजिंग भी हड़ताल के दौरान ही 30 सितंबर को बैंकों की अर्धवार्षिक क्लोजिंग भी होगी। इसके चलते इस दिन बैंकिंग कामकाज पर दोहरा असर रहेगा। हड़ताल से पहले रविवार को बैंक खोलने का उद्देश्य ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त मौका देना भी है। 1 अक्टूबर को खुलेंगे बैंक 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल और 30 सितंबर की अर्धवार्षिक क्लोजिंग के बाद 1 अक्टूबर को बैंक खुलेंगे। इसी दिन राज्यकर्मियों के वेतन और पेंशन की रकम खातों में पहुंचने की बात कही गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)