हरदोई में ससुराल जा रहे युवक की हादसे में मौत:गंगा एक्सप्रेस-वे पर वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, परिवार के लेने जा रहे थे
हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में पत्नी और बच्चों को ससुराल से लेने जा रहे युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां बुधवार रात करीब 8:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामला माधौगंज थाना क्षेत्र का है। अब जानिए पूरा मामला सांडी थाना क्षेत्र के कुंवारियापुर निवासी संजू (35) खेती करते थे। उनका विवाह वर्ष 2016 में मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के महानेपुर गांव निवासी माधुरी से हुआ था। इन दिनों उनकी पत्नी माधुरी अपने दोनों बच्चों 6 वर्षीय बेटी जान्हवी और 5 वर्षीय बेटे कृष्णा के साथ मायके गई हुई थीं। बुधवार शाम संजू पत्नी और बच्चों को वापस घर लाने के लिए बाइक से ससुराल रवाना हुए थे। हादसा बुधवार शाम करीब साढ़े 6 बजे माधौगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर नाऊपुरवा के पास सर्विस रोड की क्रॉसिंग पर हुआ। सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे संजू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उनके मोबाइल फोन से परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजन संजू को निजी वाहन से हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां आपातकालीन कक्ष में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। पत्नी माधुरी और दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दुर्घटना से जुड़ा यह मामला दूसरे थाना क्षेत्र का है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)