हरदोई में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत:शव 3 घंटे इमरजेंसी में रहा, तीन साल पहले शादी हुई थी
हरदोई के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के गंधिया गांव में रविवार सुबह 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुबह 11:12 बजे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष के आने का इंतजार करने की बात कहकर ससुरालीजन करीब तीन घंटे तक शव इमरजेंसी में रखे रहे। मेडिकल स्टाफ के अनुरोध के बावजूद शव मोर्चुरी में नहीं रखवाया गया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप पर दोपहर 2:12 बजे शव मोर्चरी भेजा गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम मुंडेर के मजरा गंधिया निवासी अजय जनरल स्टोर चलाते हैं। करीब तीन साल पहले उनकी शादी बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मदई गांव निवासी शैलेंद्र की बेटी ज्योति से हुई थी। दंपती का एक बेटा वंश है। रविवार सुबह कमरे में ज्योति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद डॉक्टरों ने सुबह 11:12 बजे ज्योति को मृत घोषित कर दिया। डॉ. रिंकी के मुताबिक, विवाहिता की अस्पताल लाए जाने से पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग मायके वालों के पहुंचने तक शव इमरजेंसी वार्ड में ही रखे रहे। मेडिकल स्टाफ के बार-बार अनुरोध करने पर भी वे शव को मोर्चरी में रखने के लिए तैयार नहीं हुए। चाचा बोले- मानसिक रूप से परेशान रहती थी ज्योति स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोपहर 2:12 बजे शव को मोर्चरी में रखवाया गया। अस्पताल पहुंचे ज्योति के चाचा कमलेश ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। ससुराल वालों पर उनका कोई आरोप नहीं है। शहर कोतवाल उमाकांत शुक्ला ने बताया कि मामला संबंधित कोतवाली क्षेत्र का है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)