मशरूम यूनिट लगाने पर 12 लाख तक मदद देगी सरकार:प्रयागराज के खुसरोबाग में 50 बेरोजगारों को दी ट्रेनिंग

Nov 29, 2026 - 21:31
0
मशरूम यूनिट लगाने पर 12 लाख तक मदद देगी सरकार:प्रयागराज के खुसरोबाग में 50 बेरोजगारों को दी ट्रेनिंग
बेरोजगार युवाओं के लिए उद्यान विभाग की ओर से मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। बड़ी इकाई के लिए 12 लाख और छोटी इकाई के लिए एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास मिशन योजना के तहत प्रयागराज के खुसरोबाग स्थित औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 बेरोजगार युवाओं को मशरूम उत्पादन एवं प्रसंस्करण की तकनीक सिखाई गई। कार्यक्रम में डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित युवा मशरूम उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। केंद्र के प्रशिक्षण प्रभारी वीके सिंह ने बताया कि इच्छुक युवा कंपोस्ट, स्पॉन और मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए परियोजना बनाकर विभाग से नियमानुसार अनुदान ले सकते हैं। इससे अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे। तकनीकी सत्र में शुभ सेवा एग्रो वेलफेयर फाउंडेशन, लखनऊ के सीईओ डॉ. एसआर बघेल ने मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों और बाजार की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को समय से कंपोस्ट तैयार करने की सलाह दी, ताकि अनुकूल मौसम में उत्पादन शुरू किया जा सके। बताया कि उत्तर भारत में नवंबर से फरवरी तक का तापमान मशरूम उत्पादन के लिए अनुकूल रहता है। प्रदेश में बटन और ऑयस्टर मशरूम की अच्छी मांग होने से इनका उत्पादन किसानों और नए उद्यमियों के लिए लाभकारी हो सकता है। ईशा ने बताया कि ऑयस्टर मशरूम की खेती कम संसाधनों में भीशुरू की जा सकती है। उन्होंने कंपोस्ट तैयार करने, उसके उपचार और फंगस व संक्रमण से बचाव के तरीके समझाए। प्रायोगिक प्रशिक्षण के तहत युवाओं को कौशांबी जिले के मूरतगंज विकासखंड के काजीपुर गांव में ऑयस्टर मशरूम का व्यावसायिक उत्पादन कर रहे विपुल की इकाई का भ्रमण कराया गया। प्रशिक्षण के बाद तकनीकी प्रतियोगिता में बांदा के बिसंडा निवासी हर्षित पांडेय प्रथम, प्रयागराज के बहरिया निवासी अमित पटेल द्वितीय और एटा के मारहरा निवासी प्रियांशु तृतीय रहे। विजेताओं को उद्यान विभाग की ओर से मशरूम उत्पादन उपकरण, प्रशिक्षण किट, प्रमाणपत्र और मशरूम बैग दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User