हरदोई में व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत:गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप, खेत पर ले जाकर पीटा
हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्हें शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे हरियावां सीएचसी में मृत घोषित किया गया। परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। दो बेटे मूकबधिर हैं देवरिया गांव निवासी 53 वर्षीय जागेश्वर मजदूरी करते थे। उनके तीन बेटे हैं। आशाराम और अवधेश मूकबधिर हैं, जबकि संदीप हरियाणा में काम करते हैं। जागेश्वर की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। उनकी बहू उपासना के मुताबिक, अवधेश का गांव की एक महिला से किसी बात पर विवाद हुआ था। महिला ने इस मामले में अवधेश के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी। आरोप है कि इसी रंजिश में गुरुवार देर शाम महिला और उसके परिजनों का जागेश्वर से विवाद हुआ। शरीर पर चोट के निशान मिले थे परिजनों का दावा है कि जागेश्वर को खेत में ले जाकर पीटा गया। सूचना मिलने पर अवधेश और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और घायल जागेश्वर को घर ले आए। उनके शरीर पर चोट के निशान थे। उपासना ने कहा कि रात में एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई नहीं आया। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया शुक्रवार की सुबह जागेश्वर को एंबुलेंस से हरियावां सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने थाने में तहरीर देकर गांव के तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)