जीजा ने सालों को 1-1 करोड़ की माला पहनाई:मथुरा में घुड़चढ़ी के दौरान 500-500 रुपए के नोटों से बनी 100 फीट लंबी 2 माला दी
मथुरा में शादियों के सीजन के बीच सुरीर के नगला फोंदा गांव की एक घुड़चढ़ी चर्चा में है। यहां जीजा ने अपने दोनों सालों पर ऐसा प्यार लुटाया कि देखने वाले हैरान रह गए। दूल्हा बने दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपए के नोटों से बनी विशाल माला पहनाई गई। इस अनोखी घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों से होनी है। घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर निवासी गांव नंदोला, कामां (राजस्थान) ने दोनों सालों को यादगार तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों को 500-500 रुपए के नए नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपए की माला पहनाई। 100 फीट लंबी माला संभालने में जुटे कई लोग बताया जा रहा है कि प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। माला इतनी विशाल और भारी थी कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान रिश्तेदार और ग्रामीण इस नजारे को देखते रह गए। मोबाइल कैमरों में कैद हुआ अनोखा नजारा आमतौर पर घुड़चढ़ी में बहनें अपने भाइयों के सालों से शगुन मांगती हैं, लेकिन यहां जीजा ने ही अपने सालों को करोड़ों रुपए का तोहफा देकर रस्म को खास बना दिया। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने इस पल को मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। जीजा के इस अंदाज की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)