कानपुर में बारिश से जर्जर मकान की छत गिरी:परिवार ने समय रहते घर छोड़ा, मलबे में दबा अनाज-गृहस्थी का सामान

Sep 26, 2026 - 14:18
0
कानपुर में बारिश से जर्जर मकान की छत गिरी:परिवार ने समय रहते घर छोड़ा, मलबे में दबा अनाज-गृहस्थी का सामान
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के लवकुश नगर में लगातार हो रही बारिश के बीच रात करीब दो बजे जर्जर मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे से पहले परिवार को खतरे का आभास हो गया था, इसलिए सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए। छत गिरने से घर की पूरी गृहस्थी मलबे में दब गई। अनाज, कपड़े, बर्तन समेत जरूरी सामान नष्ट होने से परिवार के सामने खाने-पीने और रहने का संकट खड़ा हो गया है। लवकुश नगर निवासी ब्रह्मादीन अपने दो बेटों रामचंद्र और पप्पू के साथ मकान में रहते हैं। लगातार बारिश के कारण घर पहले से कमजोर हो चुका था। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे रामचंद्र की अचानक नींद खुली। उसने छत का हिस्सा गिरते देखा और शोर मचाकर परिवार के सदस्यों को जगा दिया। सभी के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद पूरी छत नीचे आ गिरी। अचानक नींद खुलने से बचा परिवार परिवार के मुताबिक, रामचंद्र की नींद समय पर नहीं खुलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उसने छत की स्थिति देखकर सभी को बाहर निकाल लिया था। परिवार के बाहर आने के कुछ ही क्षण बाद मकान ढह गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। मलबे में घर का अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान दब गया। इससे परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी सुबह स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। बिठूर थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी अशोक सरोज ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, राशन और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User