के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम में बॉक्सिंग प्रतियोगिता:फाइनल में पहुंचे 22 मुक्केबाज, कल होंगे खिताबी मुकाबले

Sep 26, 2026 - 19:00
0
के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम में बॉक्सिंग प्रतियोगिता:फाइनल में पहुंचे 22 मुक्केबाज, कल होंगे खिताबी मुकाबले
लखनऊ में के.डी. सिंह ‘बाबू’ स्टेडियम के बॉक्सिंग हॉल में चल रही 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता (2026-27) शनिवार को चौथे दिन निर्णायक चरण में पहुंच गई। सेमीफाइनल मुकाबलों में विभिन्न मंडलों के मुक्केबाजों ने शानदार तकनीक और दमखम का प्रदर्शन किया, जिसके बाद 22 खिलाड़ियों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। रविवार, 27 सितंबर को अंतिम मुकाबलों के बाद विजेता खिलाड़ियों और मंडलों को सम्मानित कर प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) प्रताप सिंह बघेल के संरक्षकत्व और संयुक्त शिक्षा निदेशक (लखनऊ मंडल) डॉ. प्रदीप कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। शनिवार को डॉ. प्रदीप कुमार ने स्टेडियम पहुंचकर खेल संचालन व सुविधाओं का जायजा लिया और समापन समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार और सह जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार कनौजिया ने भी तकनीकी प्रक्रियाओं व व्यवस्थाओं का अनुश्रवण किया। इन खिलाड़ियों ने बनाई फाइनल में जगह अंतिम मुकाबले में स्थान बनाने वाले मुक्केबाजों में मेरठ मंडल के विष्णु, अनमोल भाटी, युवराज, राहुल व गोपाल; लखनऊ मंडल के हैदर उल्ला कुरैशी, तेज प्रताप सिंह, अनुराग वर्मा व अथर्व राय; गोरखपुर के यश राज मौर्या, निशू पासवान, अमित भारती व अमन प्रसाद तथा वाराणसी के रुद्रांश, रुद्र प्रताप भारत व अंजनी मिश्रा शामिल हैं। इसके अलावा सहारनपुर के प्रीत चौधरी व अभिनव, मुरादाबाद के दिव्यराज, प्रयागराज के संजीव कुमार, झांसी के प्रियांशु और आगरा मंडल के कार्तिक राणा ने भी फाइनल में प्रवेश किया है। आयोजन समिति की ओर से खिलाड़ियों की पात्रता व प्रमाण-पत्रों की जांच के साथ ही खेल नियमों, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User