कल मेरठ में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में शामिल होंगी राज्यपाल:सीसीएसयू में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई, बाहरी लोगों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शनिवार को होने वाले पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 में प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल शामिल होंगी। राज्यपाल के आगमन और कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, कार्यक्रम के दौरान आम छात्रों और बाहरी लोगों का विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम स्थल से लेकर परिसर के अन्य हिस्सों में साफ-सफाई कराई जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परिसर में प्रवेश और आवाजाही को नियंत्रित रखने की तैयारी की गई है। छात्रों की आवाजाही पर रहेगी रोक राज्यपाल के कार्यक्रम को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान आम छात्रों के साथ बाहरी लोगों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक आवाजाही न हो। विश्वविद्यालय प्रशासन का पूरा ध्यान कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है। 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि होंगे शामिल पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद में प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिमंडल, कुलपति, शिक्षाविद, युवा उद्यमी और निवेशक शामिल होंगे। इसके अलावा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की भी सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में 60 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विद्यार्थी अपने नवाचार, नए उत्पाद, तकनीक और स्टार्टअप से जुड़े मॉडल प्रदर्शित करेंगे। तीन सत्रों में होने वाले संवाद में नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)