इटावा में दरोगा ने रिश्वत में प्रोटीन-क्रेटीन पाउडर मांगा, AUDIO:मां-बेटे बाेले- 25 हजार का सामान दे चुके, CO करेंगे जांच

Nov 27, 2026 - 13:42
0
इटावा में दरोगा ने रिश्वत में प्रोटीन-क्रेटीन पाउडर मांगा, AUDIO:मां-बेटे बाेले- 25 हजार का सामान दे चुके, CO करेंगे जांच
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र की अहेरीपुर चौकी के प्रभारी पर रिश्वत के साथ प्रोटीन, क्रिएटिन और कॉफी पाउडर मांगने का आरोप लगा है। पुलिस की कार्यशैली से परेशान मां-बेटे गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से शिकायत कर न्याय की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी उनसे पहले रुपये और सामान ले चुके हैं, इसके बावजूद अब दोबारा प्रोटीन पाउडर और बड़े अधिकारियों के लिए मिठाई की व्यवस्था करने का दबाव बना रहे हैं। पहले रुपये और सामान देने का दावा पीड़ित बृजेंद्र कुमार का कहना है कि चौकी प्रभारी उनसे रिश्वत के नाम पर नकदी के साथ खाने-पीने का सामान भी मांगते हैं। एक बार करीब 10 हजार रुपये का सामान और 15 हजार रुपये नकद दिए जा चुके हैं। प्रोटीन क्रेटीन कॉफी का बिल भी उसके पास है। अब दरोगा फोन करके कह रहे हैं कि उनका प्रोटीन खत्म हो गया है और काम करने के लिए ताकत की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा बड़े अधिकारियों के लिए मिठाई की व्यवस्था करने को भी कहा जा रहा है। कई साल से मकान का विवाद बृजेंद्र की मां माया देवी स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बकेवर के जगमोहनपुर चौकी अहेरीपुर में कई साल पहले एक मकान खरीदा था। वर्ष 2010 में उनके जेठ के बेटे निरंजन लाल और सर्वेश कुमार ने कथित तौर पर मकान की दीवार तोड़कर परिवार समेत उस पर कब्जा कर लिया था। नौकरी के चलते माया देवी अपने इकलौते बेटे के साथ इटावा में किराये पर रहती थीं। मकान खाली कराने के लिए कई बार कहने के बाद भी जब कब्जा नहीं छोड़ा गया तो उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर मिला कब्जा पीड़ित के अनुसार लंबे समय तक मुकदमा चलने के बाद 18 मार्च 2026 को न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने मकान खाली करवाकर उन्हें कब्जा दिलाया था। आरोप है कि इसके अगले महीने से ही सर्वेश और उनके परिवार के लोग दोबारा परेशान करने लगे। मकान के बाहर चबूतरे पर भैंस बांधने के साथ लकड़ी, चारा और अन्य सामान रख दिया गया। इससे रास्ते और मकान के इस्तेमाल में परेशानी होने लगी। दीवार निर्माण को लेकर मारपीट बृजेंद्र का आरोप है कि मकान के बाहर बाउंड्री और दरवाजा लगवाने का प्रयास किया तो विपक्षियों ने दीवार तोड़ दी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दूसरे पक्ष को चेतावनी दी थी। आरोप है कि कुछ दिन बाद जब वह दोबारा दीवार बनवाने पहुंचे तो सर्वेश कुमार के परिवार के पांच लोगों ने उनकी और उनकी मां की पिटाई कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ की एक उंगली टूट गई। चौकी पहुंचने पर नहीं मिली मदद बृजेंद्र का कहना है कि खून से लथपथ हालत में वह अपनी मां के साथ अहेरीपुर चौकी पहुंचे, जिसके बाद उनको महेवा सीएचसी भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। देर रात सर्वेश समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। आरोप है कि घटना के दो दिन बाद दूसरे पक्ष ने पुलिस से सांठगांठ कर उनकी बुजुर्ग मां समेत चार लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करवा दिया, जबकि मारपीट में घायल वह खुद हुए थे और उनकी उंगली टूट गई थी। कार्रवाई और निर्माण की मांग पीड़ित का आरोप है कि अहेरीपुर चौकी प्रभारी अमरकांत त्यागी दर्ज मुकदमे में उंगली टूटने की धारा बढ़वाने, उनके ऊपर लगे झूठे मुकदमें को खत्म करवाने और मकान की बाउंड्री बनवाने में मदद करने के नाम पर रुपये, मिठाई और प्रोटीन-क्रिएटिन पाउडर मांग रहे हैं। मां-बेटे का कहना है कि एक तरफ परिवार के लोग मकान पर कब्जे को लेकर परेशान कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस से मदद मांगने पर भी कथित रूप से पैसों और सामान की मांग की जा रही है। एसएसपी कार्यालय पहुंचे मां-बेटे ने पूरे मामले की शिकायत कर चौकी प्रभारी के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की। साथ ही मकान के बाहर बाउंड्री वॉल और दरवाजा लगवाने में सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। फिलहाल पुलिस के आलाधिकारियों ने मामले की जांच सीओ भरथना आरडी मौर्य को सौंपी है। पीड़ित को जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User