लापता ई-रिक्शा चालक का शव पड़ोसी की छत पर मिला:लखनऊ में 3 दिन से लापता था, मानसिक संतुलन ठीक नहीं था
लखनऊ के हजरतगंज में तीन दिन से लापता ई-रिक्शा चालक सतीश पाल (40) का शव शनिवार को घर से करीब चार मकान दूर एक घर की छत पर पड़ा मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में करीब 20 फीट नीचे छत पर गिरने से मौत की आशंका जताई जा रही है। वहीं परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रात में घर से निकला था, फिर नहीं लौटा रविदास नगर गली नंबर- 7 निवासी सतीश पाल (40) ई-रिक्शा चलाता था। वह पत्नी कुसुम, बेटे अयान, भाई सुनील, मां कामना और बहनों अनुराधा व जाह्नवी के साथ रहता था। भाई सुनील ने बताया कि सतीश आंशिक रूप से मानसिक रूप से अस्वस्थ था। इन दिनों घर में गणेश पूजा का आयोजन चल रहा था। गुरुवार रात करीब 1:30 बजे सतीश घर से निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार को पत्नी कुसुम ने हजरतगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बच्चों ने छत पर पड़ा देखा शव शनिवार दोपहर बाद आसपास खेल रहे बच्चों की नजर घर से चौथे मकान की छत पर पड़े सतीश के शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों ने सतीश के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जताई। पुलिस बोली- फांदते समय गिरने की आशंका एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि सतीश मानसिक रूप से अस्वस्थ था। शुरुआती जांच में आशंका है कि वह मकान से फांदते समय करीब 20 फीट नीचे दूसरी छत पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)