सहारनपुर में ऊधम सिंह की जयंती पर जुटे हजारों काम्बोज:दक्ष चौधरी ने गौसेवक को चप्पल पहनाई, बोले- हिंदुत्व और गौसेवा करने वालों का मनोबल न टूटे

Nov 29, 2026 - 19:34
0
सहारनपुर में ऊधम सिंह की जयंती पर जुटे हजारों काम्बोज:दक्ष चौधरी ने गौसेवक को चप्पल पहनाई, बोले- हिंदुत्व और गौसेवा करने वालों का मनोबल न टूटे
सहारनपुर के शेरपुर खाजानपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ग्रुप ऑफ एजुकेशन में रविवार को शहीद ऊधम सिंह काम्बोज की जयंती पर अखिल भारतीय क्षत्रिय काम्बोज महासम्मेलन और सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव हुआ। शाम 5 बजे तक चले कार्यक्रम में देशभर से हजारों लोग पहुंचे। कार्यक्रम में हिंदूवादी नेता दक्ष चौधरी भी शामिल हुए। परम पूज्य संत सुधांशु जी महाराज और संत बाबा ब्रह्मदास जी महाराज ने प्रवचन दिए। संत सुधांशु जी महाराज ने कहा कि जीवन में संस्कार,सदाचार,शिक्षा और आध्यात्मिक चेतना का महत्व है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति प्रेम,सद्भाव,सेवा और मानवता का रास्ता दिखाती है। समाज को अपनी परंपराएं संजोकर नई पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने चाहिए। संत बाबा ब्रह्मदास जी महाराज ने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता और संगठन में है। युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों पर चलना चाहिए। दक्ष चौधरी ने कहा कि युवाओं को अपने समाज और पूर्वजों के इतिहास पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्वजों ने धर्म और गौमाता की रक्षा के लिए बलिदान दिया। उन्होंने राजा सूरजमल और हरफूल जाट जुलानी के योगदान का भी जिक्र किया। दक्ष चौधरी ने कहा कि हिंदुत्व और गौसेवा के लिए काम करने वालों पर आरोप लगते रहते हैं,लेकिन इससे उनका मनोबल नहीं टूटना चाहिए। धर्म और गौमाता की सेवा पूरी निष्ठा से जारी रखनी चाहिए। उन्होंने सहारनपुर के गौसेवक चौधरी विश्व काम्बोज का जिक्र किया। दक्ष चौधरी के मुताबिक,विश्व काम्बोज ने करीब 19 महीने पहले अपने ऊपर आरोप लगने के बाद निर्दोष साबित होने तक चप्पल नहीं पहनने का संकल्प लिया था। मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। गौसेवा के दौरान घायल गोवंश को बचाने में बिना चप्पल के परेशानी हो रही थी। संतों और समाज के लोगों की सहमति से उनका संकल्प खत्म कराया गया। इसके बाद दक्ष चौधरी ने उन्हें चप्पल पहनाई। दोनों संतों ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। सम्मेलन में शहीद ऊधम सिंह के बलिदान को नमन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले संदीप सिंह कौरा काम्बोज (पीएमओ),रणजीत सिंह नामधारी काम्बोज (राज्यमंत्री, उत्तराखंड),विक्रम सिंह काम्बोज, सुनील काम्बोज,न्यायाधीश धीरेंद्र काम्बोज,न्यायाधीश अंजू काम्बोज,डॉ. नीरज काम्बोज और डॉ. अश्वनी काम्बोज सहित कई लोगों को काम्बोज गौरव रत्न सम्मान से नवाजा गया। आयोजन समिति ने दोनों संतों को शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा भेंट की। कार्यक्रम का संचालन रोशन लाल अग्रवाल और योगेश अग्रवाल ने किया। इस दौरान काम्बोज सेवा समिति के जिलाध्यक्ष सचिन काम्बोज, एडवोकेट श्याम सिंह काम्बोज, जितेंद्र काम्बोज, सुखदेव काम्बोज, हनी काम्बोज, दिग्विजय काम्बोज, राजेश काम्बोज, सुखपाल प्रधान, अभिषेक काम्बोज, नरेंद्र काम्बोज, प्रेम सिंह काम्बोज और मनीष काम्बोज सहित हजारों लोग मौजूद रहे। दोपहर में भंडारे का आयोजन भी किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User