लखनऊ चिड़ियाघर ने पूरे किए स्थापना के 105 साल:बच्चों के साथ निदेशक ने काटा केक, फाल्कन पक्षी को नए बाड़े में छोड़ा
लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान ने अपनी स्थापना के 105 साल पूरे कर लिए। इस मौके पर रविवार को सारस प्रेक्षागृह में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने बच्चों के साथ केक काटकर चिड़ियाघर का जन्मदिन मनाया। इस दौरान एक फाल्कन पक्षी को उसके प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप तैयार बाड़े में छोड़ा गया। वन्यजीवों में भी होता है भावनात्मक जुड़ाव कार्यक्रम में डॉ. अशोक कश्यप ने वन्यजीवों के उपचार से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की देखभाल में सिर्फ इलाज ही नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं को समझना भी जरूरी है। उन्होंने घायल हाथी का उदाहरण देते हुए बताया कि उसकी मृत्यु के बाद उसके साथ रहने वाले हाथियों ने करीब 15 दिन तक भोजन नहीं किया था। इससे वन्यजीवों के बीच भावनात्मक जुड़ाव का पता चलता है। शहर का फेफड़ा है प्राणि उद्यान केएन सुधीर ने कहा कि प्राणि उद्यान का लंबा इतिहास रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह लगातार आगे बढ़ रहा है। यहां आने वाले दर्शक वन्यजीवों के बारे में नई जानकारी लेकर जाते हैं। निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने कहा कि यह देश के प्राचीनतम प्राणि उद्यानों में शामिल है। शहर के बीच स्थित होने के कारण इसे लखनऊ का फेफड़ा भी कहा जाता है। यहां के पेड़-पौधे वातावरण को शुद्ध रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राणि उद्यान पिछले 105 वर्षों से वन्यजीव संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा है। इसे आगे भी विकसित करने के प्रयास जारी रहेंगे। विजेताओं और कर्मचारियों को किया सम्मानित समारोह में प्राणि उद्यान की वार्षिक पुस्तक का विमोचन किया गया। स्थापना दिवस पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रमाणपत्र दिए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)