मजदूरी की आड़ में अलीगढ़ में बसे बांग्लादेशी:पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी दस्तावेजों से बना ली भारतीय पहचान, 11 गिरफ्तार

Nov 25, 2026 - 21:45
0
मजदूरी की आड़ में अलीगढ़ में बसे बांग्लादेशी:पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी दस्तावेजों से बना ली भारतीय पहचान, 11 गिरफ्तार
मीट कारोबार और उससे जुड़ी इंडस्ट्री में मजदूरी की आड़ में बांग्लादेशी नागरिक अलीगढ़ में आकर बसते रहे। फर्जी नाम-पते पर आधार कार्ड, पैन कार्ड और दूसरे सरकारी दस्तावेज बनवाकर भारतीय पहचान हासिल कर ली। एलआईयू के इनपुट पर बुधवार को रोरावर पुलिस ने ऐसे ही नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने एक महिला समेत 11 लोगों को पकड़ा है। इनमें आठ वयस्क और तीन बाल अपचारी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 10 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, वोटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम कार्ड, ईपीएफ कार्ड, बैंक एटीएम और राशन कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। मामले में कई साल बाद इस तरह की बड़ी कार्रवाई हुई है। एचपी पेट्रोल पंप के पास मिली अमीना, पूछताछ में खुला राज बुधवार को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एलआईयू के इनपुट और मुखबिर की सूचना पर शाहपुर कुतुब चौकी से मथुरा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक महिला को पकड़ा गया। काला बुर्का पहने महिला ने अपना नाम अमीना बेगम पत्नी मोहम्मद हजरत बताया। पुलिस के मुताबिक, वह मूल रूप से बांग्लादेश के गया बंदा जिले की रहने वाली है और वर्तमान में हड्डी गोदाम चौराहे के पास झुग्गी में रह रही थी। 1992 में बिना पासपोर्ट-वीजा आने की बात कबूली पुलिस पूछताछ में अमीना बेगम ने बताया कि वह वर्ष 1992 में अपने पति और परिवार के साथ बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत आई थी। उसने फर्जी नाम-पते पर सिम कार्ड लेने और पहचान संबंधी दस्तावेज बनवाने की बात भी बताई। उसके पास से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की पासबुक, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ई-श्रम और कर्मचारी भविष्य निधि से संबंधित कार्ड बरामद हुए। उसके पास बेटी सितारा के नाम के दो आधार कार्ड भी मिले, जिनमें अलग-अलग जन्मतिथि दर्ज है। एक पर 10 जनवरी 2005 और दूसरे पर 10 जनवरी 2013 की जन्मतिथि है। परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंची पुलिस अमीना से पूछताछ के बाद पुलिस ने गोंडा रोड रेलवे पुल के पास सलामपुर माफी वाले रास्ते पर दबिश दी। यहां उसके परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े अन्य लोग मिले। पुलिस ने कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया। एफआईआर में नामजद लोगों में अमीना बेगम, मोहम्मद शरीफ उल, शाहरुख, मोहम्मद सलमान, शहनाज, हैदर अली, रुकसाना, उवेश, हजराबानो और शाहजहां के अलावा तीन नाबालिग शामिल हैं। किसका किससे है रिश्ता पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ उल, शाहरुख और मोहम्मद सलमान, अमीना बेगम के जेठ के बेटे हैं। शहनाज जेठ की बेटी है। हैदर अली, उसकी पत्नी रुकसाना और उनके बेटे उवेश, समीर, शान्तु और मोहम्मद नीरव हुसैन भी इस मामले में सामने आए हैं। अमीना की बेटी हजराबानो आगरा के बाह में रहती है, जबकि बेटा शाहजहां अलीगढ़ के अनार का नगला क्षेत्र में रहता है। पुलिस की पूछताछ में परिवार के बांग्लादेश से भारत आने और यहां अलग-अलग स्थानों पर रहने की जानकारी सामने आई है। कई बार भारत आने-जाने की बात, आठ महीने पुराना विवाद भी जांच में पूछताछ में आमिना के पति के वर्ष 1992 से कई बार भारत आने और वापस जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन रास्तों से भारत आता था और किस तरह वापस जाता था। वह करीब आठ महीने पहले अपनी पत्नी से मारपीट करने के बाद चला गया था। पुलिस इन घटनाओं और इनके भारत आने-जाने के तरीकों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पहले भी पकड़े जा चुके हैं बांग्लादेशी, कई जेल में अलीगढ़ में बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसे लोगों को पकड़ा जा चुका है। पूर्व में गिरफ्तार किए गए कई आरोपी अभी जेल में बंद हैं। हालांकि, पिछले कई सालों में इस तरह की बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई थी। अब एलआईयू के इनपुट पर हुई कार्रवाई के बाद पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मीट कारोबार और उससे जुड़ी इंडस्ट्री में मजदूरी करने वाले लोगों के बीच ऐसे कितने लोग फर्जी पहचान के आधार पर रह रहे हैं। इनके दस्तावेज किसने बनवाए और स्थानीय स्तर पर इन्हें किसका सहयोग मिला, इसकी भी जांच की जा रही है। पांच मोबाइल और कई सरकारी दस्तावेज सील पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 10 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, एक वोटर आईडी, एक ई-श्रम कार्ड, एक कर्मचारी भविष्य निधि कार्ड, एक आयुष्मान कार्ड, एक बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम कार्ड और एक राशन कार्ड बरामद किया है। सभी मोबाइल और दस्तावेजों को सील कर दिया गया है। पुलिस संबंधित विभागों से इनकी सत्यता और जारी होने के रिकॉर्ड की जांच कराएगी। इंस्पेक्टर बोले, एलआईयू के इनपुट पर हुई कार्रवाई इंस्पेक्टर रोरावर रवि चंद्रवाल ने बताया कि एलआईयू के इनपुट पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ और बरामद दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है। सभी वयस्क आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। कुछ अन्य लोग फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्हें भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। पकड़े गए सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User