लखनऊ में शुरू हुआ उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव:मंत्री राकेश सचान ने शुभारंभ किया; अगले 10 दिन खादी कपड़ों पर 30% विशेष छूट
प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने शुक्रवार को गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय प्रांगण में 10 दिवसीय राज्य स्तरीय ‘उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026’ का शुभारंभ किया। यह महोत्सव 27 नवम्बर से 06 दिसम्बर 2026 तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड शिशिर उपस्थित रहे।“धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति” थीम पर आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खादी एवं ग्रामोद्योग उद्यमियों और शिल्पकारों के कुल 150 स्टॉल लगाए गए हैं। मंत्री ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और कारीगरों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज की खादी 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की विश्वसनीयता के साथ आधुनिक और डिजाइनर परिधानों के रूप में युवाओं की पहली पसंद बनती जा रही है। अपने संबोधन में मंत्री सचान ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का सशक्त विचार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता और स्वावलंबन की लड़ाई में खादी को सबसे बड़ा माध्यम बनाया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान से 2014 के बाद खादी को नई पहचान और नई गति मिली है। ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री लगातार खादी अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिससे लाखों बुनकर परिवारों को संबल मिल रहा है।मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को ‘नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विगत 5 वर्षों में ‘मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना’ और ‘प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’ के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इससे प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2,79,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। इसके अलावा प्रदेश के सभी 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के 27,508 स्टॉलों के माध्यम से उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है।मंत्री ने कहा कि विवाह और मांगलिक आयोजनों में भी खादी अपनाकर संस्कृति को समृद्ध किया जा सकता है। ग्राहकों की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र खोले जा रहे हैं। गांधी जयंती (02 अक्टूबर) से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।कार्यक्रम में मंत्री ने लोगों को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय कारीगरों को बाजार दिलाने और स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने लखनऊवासियों से अपील की कि वे महोत्सव में अवश्य आएं और कम से कम एक खादी वस्त्र खरीदकर बुनकरों का मान बढ़ाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)