24 हजार रुपए मानदेय और कैशलेस इलाज की मांग:रामपुर में ग्राम रोजगार सेवकों ने किया प्रदर्शन, CM के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
रामपुर में सम्मानजनक मानदेय, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और अन्य भत्तों समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को जिलेभर के ग्राम रोजगार सेवक एकजुट हुए। डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में एकत्र होकर रोजगार सेवकों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश में रोजगार सेवक शुक्रवार को अपने-अपने जिलों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दे रहे हैं। इसी क्रम में रामपुर में दोपहर करीब एक बजे अंबेडकर पार्क में ज्ञापन सौंपा गया। इसमें रोजगार सेवकों को 24 हजार रुपए प्रतिमाह सम्मानजनक मानदेय देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा और भत्ते देने की मांग रोजगार सेवकों ने अपने और परिवार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ अन्य जरूरी भत्ते देने की मांग की। शिवम शंखधर ने कहा कि रोजगार सेवकों को 24 हजार रुपए मासिक मानदेय और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। रिजवान ने भी परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा और 24 हजार रुपए मासिक वेतन की मांग उठाई। विनय दीक्षित ने कहा कि कैशलेस सुविधा का लाभ रोजगार सेवकों के परिवार को भी मिलना चाहिए। साथ ही पद का नाम बदलने की मांग भी की गई। 20 साल से कर रहे संघर्ष, मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी जिला अध्यक्ष मोहम्मद इस्माइल ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले करीब 20 वर्षों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। सरकार के सामने कई बार मांगें उठाने के बावजूद सम्मानजनक वेतन और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द विचार कर उन्हें पूरा नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन जल्द मुख्यमंत्री कार्यालय भेजने का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)